विज्ञापन

झालावाड़ में भीषण सड़क हादसा, बोलेरो और बाइक की टक्कर में मध्य प्रदेश और उदयपुर के चार युवकों की मौत 

राजस्थान के झालावाड़ जिले में डग क्षेत्र के करणपुरा गांव के पास बोलेरो और बाइक की भीषण टक्कर में चार युवकों की मौत हो गई. एक ही बाइक पर सवार थे चारों युवक. पुलिस ने शवों को मोर्चरी में रखवाया है और जांच शुरू कर दी है.

झालावाड़ में भीषण सड़क हादसा, बोलेरो और बाइक की टक्कर में मध्य प्रदेश और उदयपुर के चार युवकों की मौत 
झालावाड़ में भीषण सड़क हादसा हो गया.

Rajasthan News: राजस्थान के झालावाड़ जिले में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. डग क्षेत्र में गंगधार डग मुख्य मार्ग पर करणपुरा गांव के पास जीप और बाइक की आमने सामने की टक्कर में चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे की खबर से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. 

एक ही बाइक पर सवार थे चार युवक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चारों युवक एक ही बाइक पर सवार थे और बाइक तेज रफ्तार में थी. बाइक डग से गंगधार की ओर जा रही थी जबकि बोलेरो  गंगधार से डग की तरफ आ रही थी. करणपुरा गांव के समीप दोनों वाहनों की जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

तीन की पहचान हुई, एक अज्ञात

गंगधार पुलिस उपाधीक्षक हेमंत गौतम ने बताया कि मृतकों के बैग से मिले आधार कार्ड के आधार पर तीन युवकों की पहचान हो पाई है. इनमें मध्य प्रदेश के सीतामऊ थाना क्षेत्र के झांगरिया निवासी राजपाल पुत्र परबत सिंह और जवाहरलाल पुत्र रामचंद शामिल हैं. तीसरे युवक की पहचान उदयपुर के कोडरवाड़िया निवासी नरेश पुत्र कालूलाल के रूप में हुई है. चौथे युवक की शिनाख्त अभी नहीं हो सकी है.

बोलेरो चालक फरार

हादसे के बाद बोलेरो चालक मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची. 108 एंबुलेंस की मदद से चारों शवों को चौमहला अस्पताल लाया गया और मोर्चरी में रखवाया गया. संबंधित थानों को सूचना दे दी गई है और परिजनों के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है.

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. फरार चालक की तलाश की जा रही है. प्रारंभिक जानकारी में तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे का कारण मानी जा रही है.

यह भी पढ़ें- बूंदी में डीएफओ कार्यालय के बाहर मजदूरों का हंगामा, डेढ़ महीने से अटका 6 लाख का भुगतान 

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close