विज्ञापन
This Article is From Feb 20, 2026

बूंदी में डीएफओ कार्यालय के बाहर मजदूरों का हंगामा, डेढ़ महीने से अटका 6 लाख का भुगतान 

राजस्थान के बूंदी में वन विभाग के डीएफओ कार्यालय के बाहर 30 मजदूरों ने बकाया भुगतान को लेकर धरना दे दिया. 6 लाख के प्लांटेशन कार्य का पैसा अटका है. डेढ़ महीने से भुगतान नहीं मिलने पर मजदूर परिवार सहित प्रदर्शन कर रहे हैं.

बूंदी में डीएफओ कार्यालय के बाहर मजदूरों का हंगामा, डेढ़ महीने से अटका 6 लाख का भुगतान 
बूंदी में वन विभाग के डीएफओ कार्यालय के बाहर 30 मजदूरों हंगामा कर दिया

Rajasthan News: राजस्थान के बूंदी जिले में वन विभाग के डीएफओ कार्यालय के बाहर मजदूरों ने जोरदार हंगामा किया. मध्य प्रदेश से आए करीब 30 मजदूरों ने बकाया राशि की मांग को लेकर धरना शुरू कर दिया. मजदूरों का कहना है कि काम पूरा करने के बाद भी उन्हें पूरा भुगतान नहीं मिला है.

6 लाख के काम का अटका भुगतान

मजदूरों ने बताया कि उन्होंने प्लांटेशन कार्य के तहत करीब 20 हजार गड्ढे खोदने का काम किया था. इस काम के लिए लगभग 6 लाख रुपए तय हुए थे. ठेकेदार की ओर से केवल 50 हजार रुपए एडवांस दिए गए जबकि करीब 5 लाख 50 हजार रुपए अब भी बकाया हैं.

डेढ़ महीने से लगा रहे चक्कर

मजदूरों का आरोप है कि वे पिछले डेढ़ महीने से भुगतान के लिए लगातार कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं लेकिन हर बार केवल आश्वासन दिया जा रहा है. जब वे डीएफओ कार्यालय पहुंचे तो उन्हें सिर्फ 1 लाख रुपए लेकर बाकी राशि छोड़ने का दबाव बनाया गया. मजदूरों ने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया.

परिवार सहित धरने पर बैठे मजदूर

धरने पर महिला पुरुष और बच्चे भी बैठे हैं. मजदूरों का कहना है कि भुगतान नहीं मिलने से उनके सामने खाने पीने और रोजमर्रा के खर्च की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है. कई मजदूर उधार लेकर अपने परिवार का गुजारा कर रहे हैं. प्रदर्शन के दौरान मजदूरों ने वन विभाग के अधिकारी को कार्यालय से बाहर निकलने नहीं दिया.

मौके पर पहुंची पुलिस

स्थिति को देखते हुए कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और अधिकारियों ने मजदूरों से बातचीत का प्रयास किया. वन विभाग की ओर से मामले की जांच कर समाधान निकालने का आश्वासन दिया गया है. हालांकि मजदूरों ने साफ कहा है कि जब तक पूरा भुगतान नहीं मिलेगा तब तक धरना जारी रहेगा और जरूरत पड़ी तो उग्र आंदोलन किया जाएगा.

यह भी पढ़ें- उदयपुर में ऐतिहासिक गाड़ियों की प्रदर्शनी, 100 साल पुरानी मोटरसाइकिलें बनीं आकर्षण का केंद्र

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close