Vasundhara Raje: राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे गुरुवार (19 फरवरी) को बांसवाड़ा के घाटोला कस्बे में पहुंची थी. वहीं कस्बे में आयोजित मंदिर प्रतिष्ठा कार्यक्रम का आयोजन किया गया था जिसमें वसुंधरा राजे शिरकत करने पहुंची थी. लेकिन यहां कार्यक्रम में उनके सामने ही पुलिस ने तीन संदिग्ध बदमाशों को गिरफ्तार किया है. प्रारंभ में घटना को सुरक्षा में चूक के रूप में देखा जा रहा था, लेकिन पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. अब संदिग्ध बदमाशों का इतिहास खंगाला जा रहा है और गिरोह का पता लगाया जा रहा है.
भीड़ में घूमते देख लोगों ने दी सूचना
घाटोल सीआई रमेश पन्नू ने बताया कि कार्यक्रम में शामिल लोगों ने पुलिस को सूचना दी कि तीन संदिग्ध युवक भीड़ में संदिग्ध तरीके से घूम रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया. सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पेशेवर जेबकतरे हैं और भीड़भाड़ वाले आयोजनों में चोरी की वारदात को अंजाम देते हैं.
मोबाइल में मिली कार्यक्रम की पूरी जानकारी
पुलिस जांच में आरोपियों के मोबाइल फोन से पूर्व सीएम के दौरे और कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी भी मिली है. हालांकि उनका उद्देश्य सुरक्षा घेरा तोड़ना नहीं था, बल्कि पूर्व मुख्यमंत्री की लोकप्रियता के चलते उमड़ी भारी भीड़ का फायदा उठाकर लोगों के मोबाइल और नकदी चोरी करना था.
पकड़े गए आरोपियों की पहचान
मोहम्मद फारुख (53) – निवासी इंदौर
लतिश खान (42) – निवासी इंदौर
जगदीश मेहरा (44) – निवासी इंदौर
अंतर्राज्यीय गिरोह की आशंका
पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी किसी अंतर्राज्यीय गिरोह से जुड़े हो सकते हैं. इंदौर पुलिस से संपर्क कर उनका आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है. फिलहाल यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी कब से घाटोल में सक्रिय थे और गिरोह के अन्य सदस्य कौन-कौन हैं.
यह भी पढ़ेंः जल जीवन मिशन मामले में कार्रवाई पर बोले किरोड़ी लाल मीणा, लंबी सुस्ती के बाद अब सक्रिय हुई ACB