विज्ञापन

Rajasthan: दूल्हे की दाढ़ी नहीं, बिंदौरी में डीजे बंद; 5 जिलों में बना नया नियम, तोड़ने पर 2.51 लाख का जुर्माना

पाली में हुई गुर्जर महापंचायत में पंच-पटेलों, समाज के वरिष्ठजनों एवं समाजबंधुओं ने नियम बनाए और साथ ही ऐलान किया कि ये नियम पाली, जोधपुर, ब्यावर, जालोर और नागौर जिलों में तत्काल प्रभाव से लागू हो जाएंगे. मुकेश सोनी की रिपोर्ट.

Rajasthan: दूल्हे की दाढ़ी नहीं, बिंदौरी में डीजे बंद; 5 जिलों में बना नया नियम, तोड़ने पर 2.51 लाख का जुर्माना
महापंचायत में सर्वसम्मति से कुरीतियों के खिलाफ नियम बनाए गए
NDTV

राजस्थान में गुर्जर समाज ने शादी और मृत्यु से संबंधिंत आयोजनों में फिलूजखर्ची को रोकने के लिए एक बड़ा फैसला लिया है जिसकी काफी चर्चा हो रही है. ये नियम राजस्थान के पांच जिलों - पाली, जोधपुर, ब्यावर, जालोर और नागौर - में लागू भी हो गए हैं. ये नियम पाली जिले के सोजत क्षेत्र स्थित देवडूंगरी में भगवान देवनारायण मंदिर परिसर में आयोजित गुर्जर महापंचायत में सर्वसम्मति से तय किए गए. महापंचायत में समाज सुधार, फिजूलखर्ची पर रोक और कुरीतियों को समाप्त करने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए. महापंचायत में पाली, जोधपुर, ब्यावर, जालोर और नागौर जिलों से बड़ी संख्या में समाजबंधु, पंच-पटेल एवं समाज के पदाधिकारी उपस्थित रहे. महापंचायत में सर्वसम्मति से तय किया गया कि समाज में बढ़ती अनावश्यक खर्चीली परंपराओं को रोकने के लिए कठोर नियम लागू किए जाएंगे.

दूल्हा होगा क्लीन शेव्ड

विवाह समारोहों को लेकर निर्णय लिया गया कि दूल्हे का क्लीन शेव रहना अनिवार्य होगा तथा दाढ़ी में विवाह करने की अनुमति नहीं दी जाएगी. इसके अलावा बिंदौली में डीजे पर पूर्ण रोक लगाने तथा पहरावनी में खर्च की अधिकतम सीमा 21 हजार रुपये निर्धारित करने का फैसला लिया गया.

सामाजिक आयोजनों में डोडा, अफीम एवं शराब की मनुहार पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का भी निर्णय लिया गया. महापंचायत में स्पष्ट किया गया कि किसी भी आयोजन में इनका उपयोग पाए जाने पर समाज के लोग भोजन ग्रहण नहीं करेंगे तथा कार्यक्रम का बहिष्कार करेंगे. नियमों की अवहेलना करने वालों पर 2 लाख 51 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाने का प्रावधान भी तय किया गया. 

महापंचाय में मौजूद वक्ताओं ने अपनी बातें रखीं

महापंचाय में मौजूद वक्ताओं ने अपनी बातें रखीं
Photo Credit: NDTV

मृत्युभोज को लेकर भी नियम

महापंचायत में बाल विवाह एवं मृत्युभोज जैसी कुप्रथाओं को समाप्त करने पर विशेष जोर दिया गया. समाज को शिक्षा, रोजगार और जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए आगे आने का आह्वान किया गया. 

मृत्युभोज को सादगीपूर्ण बनाने के उद्देश्य से भी नए नियम तय किए गए. इसके तहत 12वीं के आयोजन में केवल सादा भोजन करवाया जाएगा तथा मिठाई के रूप में केवल लापसी ही बनाई जाएगी.

ये भी पढ़ें-: 'मर गई तो कोई धारा नहीं बनती...', गैंगरेप पीड़िता को 'झूठा' बताने वाले थाना अधिकारी का ऑडियो वायरल, मचा हड़कंप

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close