सर्विंस सेंटर के पास कार में बंद हो गई दो मासूम बहनें, दम घुटने से दर्दनाक मौत के बाद मचा कोहराम

अलवर में दो सगी बहनों की मौत की खबर अब सामने आई है, जो दिल दहला देने वाली है. यहां दो मासूम सगी बहनों की मौत कार में दम घुटने से हो गई. सारी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
कार में मासूमों का घूटा दम

Rajasthan News: अलवर में हाल ही में बच्चों के दर्दनाक मौत की कई खबर सामने आई है. जहां एक ओर आठ महीने की बच्ची को उसकी मां ने ही तेजाब पिला दिया था, जिसके बाद जिंदगी-मौत की जंग में बच्ची जिंदगी हार गई. वहीं दूसरी ओर दो सगी बहनों की मौत की खबर अब सामने आई है, जो दिल दहला देने वाली है. यहां दो मासूम सगी बहनों की मौत कार में दम घुटने से हो गई. सारी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई, जबकि घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा गया.

घटना अलवर शहर के वैशाली नगर थाना क्षेत्र स्थित खुदनपूरी की है जहां बुधवार (20 मई) को खेलते-खेलते कार में बंद हुई दो मासूम सगी बहनों की दम घुटने से दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.

Advertisement

घर के पास ही था कार सर्विस सेंटर

जानकारी के अनुसार मृतक बालिकाओं के पिता रमेश ने बताया कि उनका परिवार मूल रूप से बेड़म क्षेत्र का रहने वाला है और वर्तमान में खुदनपूरी में किराए के मकान में रह रहा था. परिवार में दोनों मासूम बेटियां ही पिता का सहारा थीं. दोनों बच्चियां घर के पास  खेलते-खेलते एक कार सर्विस सेंटर पर पहुंच गईं, जहां एक कार खड़ी हुई थी. खेल-खेल में दोनों कार के अंदर बैठ गईं, लेकिन अचानक कार के गेट लॉक हो गए और दोनों बाहर नहीं निकल सकीं. काफी देर तक बच्चियों के नजर नहीं आने पर परिजनों और आसपास के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की. इसी दौरान सर्विस सेंटर पर खड़ी कार के अंदर दोनों बच्चियां बेसुध हालत में मिलीं. तुरंत उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. दम घुटने के कारण दोनों मासूमों की मौत हो चुकी थी.

घटना की सूचना मिलते ही वैशाली नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बालिकाओं को जिला अस्पताल की मोर्चरी में शिफ्ट करवाया गया. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है. हादसे के बाद खुदनपूरी इलाके में शोक की लहर दौड़ गई.

मासूमों की मां की चार साल पहले हुई थी मौत

सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि दोनों मासूम बच्चियों की मां का चार साल पहले ही निधन हो चुका था. मां के बाद पिता रमेश अपनी दोनों बेटियों के सहारे जिंदगी बिता रहे थे, लेकिन इस हादसे ने परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं. घटना के बाद हर किसी की आंखें नम दिखाई दीं. स्थानीय लोगों ने भी इस हादसे को बेहद दुखद बताते हुए बच्चों की सुरक्षा को लेकर सावधानी बरतने की अपील की है. पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है.

यह भी पढ़ेंः 8 महीने की बच्ची को मां ने तेजाब पिलाकर मार डाला, मायके जाने की जिद पर पति से हुई थी बहस

Advertisement