Rajasthan News: राजस्थान में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उदयपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. उदयपुर जिले में पुलिस ने एक कंटेनर ट्रक से करीब 5 करोड़ रुपये कीमत की अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद की है. इस कार्रवाई में ट्रक चालक को गिरफ्तार किया गया है और मामले की जांच जारी है.
नाकाबंदी के दौरान पकड़ा गया संदिग्ध कंटेनर
पुलिस के अनुसार कार्रवाई गोवर्धन विलास थाना क्षेत्र में की गई. यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देशन में की गई. थानाधिकारी राजेंद्र सिंह चारण के नेतृत्व में पुलिस टीम 5 मार्च को सर्कल गश्त पर थी.
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि अवैध अंग्रेजी शराब से भरा एक कंटेनर ट्रक Dakan Kotda से निकलकर काया हाईवे के रास्ते गुजरात की ओर जाने वाला है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने काया पुलिया के पास नाकाबंदी कर दी और वाहनों की जांच शुरू कर दी.
सोयाबीन के कट्टों की आड़ में छिपाई थी शराब
नाकाबंदी के दौरान मुखबिर के बताए हुलिये का एक कंटेनर ट्रक वहां से गुजरता हुआ दिखाई दिया. पुलिस ने तुरंत उसे रोककर चालक से पूछताछ की. पूछताछ के दौरान चालक संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया. इसके बाद जब ट्रक की तलाशी ली गई तो पुलिस भी हैरान रह गई. ट्रक में सोयाबीन के कट्टों के नीचे अलग अलग ब्रांड की अंग्रेजी शराब के कुल 1203 कार्टन छिपाकर रखे गए थे.
चालक गिरफ्तार, जांच जारी
पुलिस ने चालक से शराब परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे लेकिन वह कोई लाइसेंस या अनुज्ञापत्र पेश नहीं कर सका. इसके बाद पुलिस ने कंटेनर ट्रक और शराब की पूरी खेप जब्त कर ली और चालक गोपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया.
इस मामले में Rajasthan Excise Act के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि शराब कहां से लाई गई थी और गुजरात में इसे किसे सप्लाई किया जाना था.
तस्करी नेटवर्क की भी होगी जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह मामला संगठित तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है. इसलिए पूरी सप्लाई चेन की जांच की जा रही है ताकि इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके.
यह भी पढ़ें- राजस्थान में सरकारी दवा खरीद में घोटाला, MRP से ज्यादा दाम पर खरीदी... CMHO ने शुरू की जांच