US Secretary of State Rajasthan visit: राजस्थान जल्द ही वैश्विक राजनीति कूटनीति का गवाह बनने जा रहा है. भारत में आयोजित किए जा रहे क्वाड समिट में शामिल होने के लिए आए अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो(Marco Rubio) 25 मई को जयपुर आने वाले है. उनके स्वागत के लिए गुलाबी नगरी पूरी तरह से तैयार हो गई है. पर्यटन विभाग ने अमेरिकी विदेश मंत्री की इस यात्रा को यादगार बनाने के लिए कई तैयारियां की है जिसके तहत उन्हें राजस्थान की लोक संस्कृति और शाही वैभव से रूबरू कराया जाएगा. वह यहां एक दिन के दौरे पर रहेंगे.
आमेर किले का करेंगे दीदार
उनके दौरे के अनुसार, वह सोमवार दोपहर को जयपुर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर यूपी के आगरा से पहुंचेंगे. जहां उन्हें राजस्थानी संस्कृति से करीब से रूबरू करवाया जाएगा. एयरपोर्ट से निकलने के बाद वह अपनी पत्नी के साथ 12वीं शताब्दी के ऐतिहासिक और विश्व प्रसिद्ध आमेर किले (Amer Fort) का दीदार करने जाएंगे. पर्यटन विभाग ने उनके स्वागत के लिए कई रंगारंग लोक कार्यक्रमों की खास रूपरेखा तैयार की है, ताकि उन्हें मरुधरा की अनूठी विरासत से जुड़ने का मौका मिल सके.
जलेब चौक में होगा भव्य स्वागत
तय कार्यक्रम के अनुसार, सोमवार दोपहर ठीक 3:00 बजे अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो का काफिला आमेर किले में प्रवेश करेगा. जैसे ही वे आमेर किले के मुख्य और विशाल प्रांगण 'जलेब चौक' (Jaleb Chowk) में पहुंचेंगे, वहां मौजूद लोक कलाकार पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ उनका स्वागत करेंगे.

Amer Palace, Jaipur
Photo Credit: X
लोक नृत्य कालबेलिया, घूमर और कच्छी घोड़ी से बिखेरेंगी कला का जादू
अमेरिकी डेलिगेशन को राजस्थान के लोक जीवन से रूबरू कराने के लिए पर्यटन विभाग ने बेहतरीन कलाकारों को आमंत्रित किया है. जलेब चौक में मार्को रूबियो के सामने ये प्रस्तुतियां होंगी.काले रंग की चमकीली कढ़ाईदार पारंपरिक पोशाक पहने कालबेलिया कलाकर अपनी हैरतअंगेज थिरकन से विदेशी मेहमानों का स्वागत करेंगी. इसके बाद राजघरानों की परंपरा और शालीनता का प्रतीक 'घूमर' नृत्य भी इस स्वागत का मुख्य आकर्षण होगा. शाही स्वागत के बाद राजपूतों के घोड़ों के जरिए अमेरिकी विदेश मंत्री को राजपूती शान से रूबरू करवाया जाएगा, जिसमें कच्छी घोड़ी डांस के जरिए डमी घोड़ों के कट-आउट पहनकर पुरुष लोक नृत्य का प्रदर्शन करेंगे. इसके बाद 'रावणहत्था' की तान गूंजेगी. जो मरुस्थल का ऐतिहासिक और पारंपरिक तंत्री वाद्य यंत्र है.
रामबाग पैलेस होटल में ठहरेंगे अमेरिकी विदेशी मंत्री
आमेर किले के बाद, अमेरिकी विदेश मंत्री वहां से रवाना होकर जयपुर के आलीशान रामबाग पैलेस होटल के पहुंचेगा. प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, सुरक्षा कारणों और उच्च स्तरीय प्रोटोकॉल के चलते यहां की डिटेल्स को बेहद गोपनीय रखा गया है.