विज्ञापन

Rajasthan: अवैध बजरी से भरे ट्रैक्टर का स्टीयरिंग छोड़ा, बोनट पर खड़े होकर दिखाई दबंगई; बैलेंस बिगड़ा तो बाहर निकल आई जीभ

राजस्थान में अवैध बजरी माफियाओं के हौसले अब इतने बुलंद हो गए हैं कि वे सिर्फ कानून ही नहीं तोड़ रहे, बल्कि 'भौकाल' दिखाने के लिए खाकी वर्दी को भी खुली चुनौती दे रहे हैं.

Rajasthan: अवैध बजरी से भरे ट्रैक्टर का स्टीयरिंग छोड़ा, बोनट पर खड़े होकर दिखाई दबंगई; बैलेंस बिगड़ा तो बाहर निकल आई जीभ
रील बनाने के चक्कर में चलते ट्रैक्टर पर जानलेवा स्टंट का वीडियो वायरल.
NDTV Reporter

Sawai Madhopur News: आजकल सोशल मीडिया पर रील (Reel) बनाने का ऐसा खुमार छाया है कि कुछ लाइक्स और व्यूज के लिए लोग मौत से खेलने को भी तैयार हैं. राजस्थान से एक ऐसा ही रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर आपकी भी सांसें अटक जाएंगी. यह वीडियो न सिर्फ कानून की धज्जियां उड़ा रहा है, बल्कि पुलिस प्रशासन को भी खुली चुनौती दे रहा है.

क्या है इस वायरल वीडियो में?

वायरल हो रहे इस वीडियो में एक लड़का अवैध बजरी से ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली को तेज रफ्तार में दौड़ाता नजर आ रहा है. भौकाल दिखाने के चक्कर में इस लड़के ने चलती गाड़ी का स्टीयरिंग छोड़ दिया और सीधे ट्रैक्टर के बोनट पर जाकर सीना तानकर खड़ा हो गया. इस दौरान उसका बैलेंस भी बिगड़ा, जिसे दांतों के बीच जीभ दबाए उसने बड़ी ही मुश्किल से संभाला और फिर वापस जाकर स्टीयरिंग पर बैठ गया. यह सिर्फ खुद की जान से खिलवाड़ नहीं था, बल्कि सड़क पर चलने वाले बेगुनाह लोगों की जान भी दांव पर लगी थी.

कौन है ये बेखौफ स्टंटबाज?

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद NDTV राजस्थान की टीम ने इसकी पड़ताल की, तो सवाई माधोपुर की बौंली थाना पुलिस से अहम सुराग मिले. पुलिस के मुताबिक, स्टंट करने वाले इस युवक का नाम गौरव उर्फ गोलू मीणा (पुत्र पप्पू लाल मीणा) है. यह बाटोदा थाना इलाके के चांदा की झोंपड़ी गांव का रहने वाला है. ऐसा बताया जा रहा है कि यह खतरनाक वीडियो दौसा जिले के लालसोट थाना इलाके में शूट किया गया है.

पुराना है पुलिस से नाता

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि गौरव का पुलिस से यह कोई पहला सामना नहीं है. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, वह आदतन अपराधी है. उस पर पहले भी अवैध खनन और बजरी परिवहन (MMDR एक्ट) के तहत मामला दर्ज हो चुका है. यहां तक कि अवैध बजरी ढोने के एक पुराने मामले में उसका ट्रैक्टर पहले भी बौंली थाने में जब्त किया जा चुका है.

बजरी माफियाओं का आतंक

सवाई माधोपुर, दौसा, करौली, धौलपुर और टोंक जैसे जिलों में अवैध बजरी माफियाओं का आतंक आम जनता के लिए सिरदर्द बन चुका है. बजरी माफिया अब सिर्फ चोरी-छिपे खनन नहीं कर रहे, बल्कि रील बनाकर सोशल मीडिया पर अपनी पावर का दिखावा कर रहे हैं.

(नोट: यह वायरल वीडियो कितना पुराना है, इसकी सटीक पुष्टि अभी नहीं हो पाई है. लेकिन सोशल मीडिया पर चंद लाइक्स के लिए इस तरह कानून को ताक पर रखकर जान जोखिम में डालना बेहद खतरनाक है.)

ये भी पढ़ें:- राजस्थान के स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां कब पड़ेंगी? 45 के बजाए इस बार सिर्फ 35 दिन ही कर पाएंगे एंजॉय

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com