विज्ञापन
This Article is From Feb 11, 2026

राजस्थान के 10वीं और 12वीं के छात्रों को सीएम भजनलाल ने क्या दी टिप्स, 12 फरवरी से परीक्षा शुरू

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा देने वाले छात्रों को शुभकामनाएं और टिप्स दिया है. इस बार 19 लाख से भी ज्यादा छात्र परीक्षा देने वाले हैं.

राजस्थान के 10वीं और 12वीं के छात्रों को सीएम भजनलाल ने क्या दी टिप्स, 12 फरवरी से परीक्षा शुरू
सीएम भजनलाल शर्मा

Rajasthan 10th-12th Board Exam: राजस्थान में 10वीं और 12वीं बोर्ड की परीक्षा कल यानी 12 फरवरी से शुरू हो रही है. इस बार पूरे प्रदेश में 19 लाख 90 हजार 57 छात्रों ने बोर्ड परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया है. बोर्ड परीक्षा पूरे प्रदेश में 6194 केंद्रों पर आयोजित किया जाएगा. इसके लिए पूरी तैयारी हो चुकी है. वहीं छात्र भी परीक्षा के लिए तैयार है. वहीं इस बीच राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा देने वाले छात्रों को शुभकामनाएं और टिप्स दिया है.

सफलता के लिए तनावमुक्त होकर आत्मविश्वास एवं एकाग्रता से  दें परीक्षा

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं सहित सीबीएसई, आईसीएसई तथा माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं में सम्मिलित होने वाले सभी विद्यार्थियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं. शर्मा ने कहा कि परीक्षा जीवन की एक महत्वपूर्ण सीढ़ी है, इसलिए विद्यार्थी तनावमुक्त होकर पूरे परिश्रम, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं एकाग्रता के साथ परीक्षा दें. सकारात्मक सोच के साथ तैयारी करने से अवश्य ही सफलता मिलती है. उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों को प्रोत्साहित करें और घर में सकारात्मक माहौल बनाए रखें, ताकि विद्यार्थी बेहतर प्रदर्शन कर सकें.

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विद्यार्थियों के लिए शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़, पारदर्शी एवं सुरक्षित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। सभी स्तरों पर परीक्षाओं के सफल संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं. 

उल्लेखनीय है कि माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, राजस्थान की कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 12 फरवरी से शुरू होंगी. साथ ही, अन्य बोर्डों, सीबीएसई और आईसीएसई से संबद्ध विद्यालयों एवं कक्षा 8वीं, 5वीं तथा राज्य स्तरीय समान परीक्षाएं निर्धारित तिथियों पर आयोजित होंगी.

12वीं से ज्यादा 10वीं के छात्र

इस साल सेकेंडरी (10वीं) में 10,68,109, सीनियर सेकेंडरी (12वीं) में 9,10,009, प्रवेशिका में 7,817 तथा वरिष्ठ उपाध्याय वर्ग में 4,122 विद्यार्थी पंजीकृत हैं. अगर पिछले वर्षों की बात करें तो RBSE परीक्षाओं में हर साल 18 से 20 लाख के बीच विद्यार्थी शामिल होते रहे हैं.

नकल रोकने के सख्त इंतजाम

बोर्ड ने नकल रोकने के लिए इस बार कड़े सुरक्षा प्रबंध किए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर CCTV कैमरों से निगरानी, उड़नदस्तों की तैनाती और विशेष दलों की नियुक्ति की गई है। संवेदनशील व अतिसंवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है. इस बार डिजिटल मॉनिटरिंग, कंट्रोल रूम समन्वय और रियल-टाइम रिपोर्टिंग सिस्टम लागू किया गया है, ताकि परीक्षाएं निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराई जा सकें.

यह भी पढ़ेंः Rajasthan Budget 2026: बजट घोषणाएं कैसे- कहां से लागू होगीं... राजस्थान बजट पर किसने क्या कहा? पक्ष-विपक्ष की प्रतिक्रिया


 

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com