विज्ञापन

Rajasthan politics: महिला आरक्षण पर गहलोत ने केंद्र की 'नीयत' को घेरा, तिवाड़ी बोले- 16 अप्रैल को होगा फैसला

Rajasthan Politics: महिला आरक्षण विधेयक पर अशोक गहलोत और घनश्याम तिवाड़ी के बीच सियासी घमासान देखने को मिल रहा है. दोनों नेता महिला आरक्षण के समर्थन में तो दिख रहे हैं, लेकिन 'लागू करने के तरीके' और 'क्रेडिट' को लेकर मतभेद दिख रहे है.

Rajasthan politics: महिला आरक्षण पर गहलोत ने केंद्र की 'नीयत' को घेरा, तिवाड़ी बोले- 16 अप्रैल को होगा फैसला
Ashok Gehlot Vs Ghanshyam Tiwari
NDTV

 Ashok Gehlot Vs Ghanshyam Tiwari: देश की राजनीति में 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' एक बार फिर केंद्र बिंदु बन गया है. महिला आरक्षण विधेयक को लागू करने की प्रक्रिया पर राजस्थान के दो दिग्गज नेताओं-अशोक गहलोत और घनश्याम तिवाड़ी-के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है.  विधेयक को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत केंद्र सरकार की मंशा पर सवाल उठा रहे है. उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण की असल सोच सोनिया गांधी की थी. 

जानबूझकर बनाई विवाद की स्थिति - अशोक गहलोत

गहलोत ने आगे कहा कि सरकार के पास पूर्ण बहुमत है,ऐसे में यह विधेयक सभी दलों की सहमति से लाया जा सकता था, लेकिन जानबूझकर विवाद की स्थिति बनाई जा रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार हर मुद्दे पर एकतरफा फैसला लेने की कोशिश करती है, जो उसकी कार्यशैली का हिस्सा बन चुका है.

नया एक्ट लाकर गुमराह कर रही सरकार: गहलोत

गहलोत ने आगे कहा कि पहले केंद्र सरकार ने जनगणना और परिसीमन के बाद महिला आरक्षण लागू करने की बात कही थी, लेकिन अब नया एक्ट बनाकर इसे अलग तरीके से लाने की कोशिश की जा रही है. उनके अनुसार सरकार के रुख में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है.

2011 की जनगणना बनेगा आधार

बीजेपी के राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी ने गहलोत के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया.तिवाड़ी ने स्पष्ट किया कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम को नए संसद भवन में पहले ही सर्वसम्मति से पारित किया जा चुका है. उन्होंने बताया कि शुरुआत में यह तय हुआ था कि जनगणना के बाद इसे लागू किया जाएगा और 2029 तक इसका क्रियान्वयन होगा.

16 अप्रैल को बड़ा कदम

गहलोत के जवाब में तिवाड़ी ने कहा कि जनगणना में देरी को देखते हुए अब साल 2011 की जनसंख्या को आधार मानकर महिला आरक्षण को लागू करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने साफ किया कि इसी कारण संसद सत्र को 16 और 17 अप्रैल तक बढ़ाकर विधेयक पारित कराने की तैयारी है.

परिसीमन प्रक्रिया में लगेगा समय- घनश्याम तिवाड़ी

कांग्रेस द्वारा इस मुद्दे को आगामी विधानसभा चुनावों से जोड़ने के सवाल पर तिवाड़ी ने कहा कि इसका चुनावों से कोई संबंध नहीं है, क्योंकि यह मौजूदा चुनावों में लागू नहीं होगा. उन्होंने कहा कि परिसीमन की प्रक्रिया में भी समय लगेगा, इसलिए इसे टालने का कोई औचित्य नहीं है.

क्रेडिट लेने की होड़ में लगी दोनों पार्टियां

महिला आरक्षण विधेयक को लेकर कांग्रेस- बीजेपी लगभग एक राय है, लेकिन उसे लागू करने और बिल पास करने के तरीके को लेकर दिख रहा मतभेद आने वाले दिनों में क्रेडिट लेने की होड़ में भी दिख सकता है.

यह भी पढ़ें: अशोक गहलोत ने नहीं मानी मदन राठौड़ की बात, राजस्थान BJP अध्यक्ष बोले- 'जिनका दिमाग ठीक होता है वही...'

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close