विज्ञापन
This Article is From Dec 10, 2025

जयपुर-अजमेर के बीच योगा एक्सप्रेस में लाखों की चोरी, ट्रेन में चोरों ने उड़ाए जेवर और नकदी

योगा एक्सप्रेस में कई यात्रियों के गहने और नकद चोरी हो गए हैं. आबूरोड के दानवाव निवासी निखिल के जमीन के सेल एग्रीमेंट, 21 लाख रुपये नकद और अन्य जरूरी दस्तावेज मौजूद बैग के साथ चोर उड़ा ले गए.

जयपुर-अजमेर के बीच योगा एक्सप्रेस में लाखों की चोरी, ट्रेन में चोरों ने उड़ाए जेवर और नकदी
योगा एक्सप्रेस में जयपुर-अजमेर के बीच लाखों की चोरी

Rajasthan News: हरिद्वार से अहमदाबाद जाने वाली योगा एक्सप्रेस के सेकेंड एसी कोच में यात्रियों के कीमती सामान की चोरी का बड़ा मामला सामने आया है. जयपुर से अजमेर के बीच हुई इस वारदात को लेकर सिरोही जिले के आबूरोड जीआरपी थाने में दो जीरो एफआईआर दर्ज की गई हैं, जिन्हें आगे की जांच के लिए जयपुर और अजमेर जीआरपी को भेज दिया गया है. ट्रेन में लगे सीसीटीवी फुटेज और संदिग्ध यात्रियों की गतिविधियों की जांच की जा रही है.

21 लाख रुपये लेकर ट्रेन में बैठे निखिल

आबूरोड के दानवाव निवासी निखिल कुमार सिंह पुत्र राजकुमार सिंह ने बताया कि वे 5 दिसंबर को आबूरोड से हरिद्वार गए थे, जहां उनकी 1.5 बीघा जमीन का सौदा तय हुआ. 7 दिसंबर को सेल एग्रीमेंट तैयार होने के बाद उन्हें 21 लाख रुपये नकद मिले. इसके बाद वे 8 दिसंबर को मेरठ से योगा एक्सप्रेस के ए2 कोच में सवार होकर आबूरोड के लिए रवाना हुए. 9 दिसंबर की सुबह करीब 6 बजे, जब ट्रेन अजमेर के पास पहुंची, तब यात्रियों को पता चला कि कई कोचों में चोरी की घटनाएं हुई हैं.

जब निखिल कुमार सिंह ने अपना बैग देखा तो वह गायब था. चोरी हुए बैग में जमीन का सेल एग्रीमेंट, 21 लाख रुपये नकद और अन्य जरूरी दस्तावेज मौजूद थे. पीड़ित ने तत्काल रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाई और आबूरोड पहुंचकर जीआरपी थाने में भी रिपोर्ट सौंपी. प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि उसी समय ए1 कोच समेत अन्य कोचों में भी यात्रियों के सामान चोरी हुए. 

कई लोगों के आभूषण और नकद की चोरी

इसी तरह, रीको कॉलोनी आबूरोड निवासी सीता गर्ग पत्नी महेश गर्ग, जो योगा एक्सप्रेस के ए1 कोच में यात्रा कर रही थीं, उनका बैग भी चोरी हो गया. उनके बैग में लगभग 35 तोला चांदी के आभूषण और करीब 80 हजार रुपये नकद रखे हुए थे. चोरी की जानकारी मिलते ही उन्होंने भी शिकायत दर्ज करवाई. 

आबूरोड जीआरपी थानाधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि योगा एक्सप्रेस में हुई चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए आबूरोड में दो जीरो एफआईआर दर्ज की गई हैं. एक मामला जयपुर जीआरपी और दूसरा अजमेर जीआरपी को जांच के लिए भेजा गया है. ट्रेन में लगे सीसीटीवी फुटेज और संदिग्ध यात्रियों की गतिविधियों की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com