Rajasthan News Live Updates, 3 march 2026: एनडीटीवी राजस्थान के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है. इस लाइव पेज पर आपको दिन भर की राजस्थान की अहम ख़बरें मिलेंगी. आज की सबसे बड़ी खबरों में ईरान-इजरायल युद्ध का राजस्थान में असर और होलिका दहन के बाद गुलाल और अबीर संग होली की धूम मचेगी.
मरुधरा के कण-कण में रंगों का उल्लास घुल गया है. प्रदेशभर में कल देर शाम शुभ मुहूर्त में विधि-विधान के साथ होलिका दहन किया गया. जयपुर के गोविंददेव जी मंदिर से लेकर पुष्कर के घाटों तक, हर तरफ 'होली है' की गूंज है. पश्चिम एशिया में गहराते युद्ध के बादलों का सीधा असर राजस्थान के किसानों की जेब पर पड़ने लगा है. कोटा की भामाशाह मंडी में बासमती चावल के एक्सपोर्ट पर ब्रेक लग गया है, क्योंकि ईरान बासमती का सबसे बड़ा खरीदार है. आज चंद्र ग्रहण का सूतक लग गया है. इस दौरान मंदिरों के पाट बंद रहेंगे. खाटूश्याम में सुबह साढ़े 5 बजे मंगला आरती के बाद कपाट बंद हो गए हैं. दर्शन बंद कर दिया गया है.
कल, 2 मार्च, सोमवार का लाइव ब्लॉग आप इस लिंक पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं -
सीकर में पूरे उत्साह के साथ मनाया होली का पर्व
सीकर में होली का पर्व पूरे उत्साह, उमंग और शेखावाटी की परंपराओं और रीति-रिवाज के साथ बड़े ही धूमधाम से मनाया जा रहा है. सोमवार रात जिले भर में होलिका दहन के साथ ही रंगों के इस महापर्व की विधिवत शुरुआत हुई.
भेरुनाथ के भक्तों ने श्मशान में खेली होली
भीलवाड़ा में आधी रात को श्मशान में भेरुनाथ के भक्तों ने होली खेली. पंचमुखी मोक्ष धाम में भैरवनाथ की शोभायात्रा निकाली. मसानिया भेरुनाथ के भक्त तीन दशक से आयोजन कर रहे हैं. चीता की राख के साथ होली खेली जाती है. अनूठी होली देखने दूर-दराज से लोग आते हैं.
सीकर जिले के रींगस में ऐतिहासिक धुलंडी आज़
सीकर जिले के रींगस में आज ऐतिहासिक धुलंडी होगी. देर रात गोपीनाथ राजा मंदिर में कस्बे वासियों की अहम बैठक हुई, जिसमें धुलंडी आज मनाने का निर्णय लिया गया. रींगस में धुलंडी पर एक साथ मुर्दे की शव यात्रा और बारात निकाली जाती है. शहर में यात्रा निकालने के बाद कोई किसी को रंग नहीं लगाता है. यात्रा शुरू होने से पहले जमकर रंग और गुलाल की होली खेली जाती है.
बूंदी में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर टैंकर के केबिन में लगी आग
बूंदी में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर टैंकर के केबिन में आग लग गई. ड्राइवर ने समय रहते कूदकर बचाई अपनी जान बचाई. बड़ा हादसा टल गया. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया. सरसों के तेल से भरा टैंकर सवाई माधोपुर जा रहा था. देई खेड़ा थाना क्षेत्र के लबान इंटरचेंज के पास हादसा हुआ.