Sikar News: सीकर में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो राजस्थान (एसीबी) जयपुर की टीम ने प्रवर्तन निदेशालय (Enforcement Directorate – ED) के एक सीनियर हेड कांस्टेबल को 13 लाख रुपये की घूस लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान चंडीगढ़ स्थित ED कार्यालय में तैनात सीनियर हेड कांस्टेबल उत्तम पांडे के रूप में हुई है.
आरोपी ने एक प्रकरण में परिवादी को आरोपी नहीं बनाने की एवज में 15 लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी. इसके बाद परिवादी ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत का सत्यापन करने पर आरोपी द्वारा रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई. इसके बाद जयपुर एसीबी की टीम ने जाल बिछाया और आज सीकर शहर के कल्याण सर्किल के पास एक होटल में 13 लाख रुपये की राशि लेते हुए आरोपी को रंगे हाथों दबोच लिया.
एसीबी के डीएसपी विजय सिंह ने मीडिया को क्या बताया?
ट्रैप की यह कार्रवाई एसीबी के डीएसपी विजय सिंह के नेतृत्व में की गई, जबकि पूरी कार्रवाई की निगरानी डीआईजी अनिल कयाल द्वारा की गई. फिलहाल एसीबी की टीम आरोपी उत्तम पांडे से पूछताछ कर रही है और मामले की गहन जांच जारी है. जयपुर एसीबी के डीएसपी विजय सिंह ने मीडिया से बातचीत में बताया कि परिवादी ने 30 दिसंबर को एसीबी में रिपोर्ट दी थी कि क्यूएफएक्स नाम की एक कंपनी में उसने निवेश किया था, जिसमें मोहम्मद शकील नाम का एक संदिग्ध व्यक्ति शामिल है. इस मामले में समन की तामील कराने के लिए एक व्यक्ति सीकर आया था, जिसने परिवादी के परिवार से संपर्क किया.
ED के सीनियर हेड कांस्टेबल उत्तम पांडे ने परिवादी से संपर्क किया
डीएसपी विजय सिंह ने बताया कि मोहम्मद शकील के मामले में चंडीगढ़ ED में एक प्रकरण दर्ज है, जिसके जांच अधिकारी ED के असिस्टेंट डायरेक्टर अतुल गुप्ता हैं. मामले में जारी समन की तामील के दौरान चंडीगढ़ ED के सीनियर हेड कांस्टेबल उत्तम पांडे ने परिवादी से संपर्क किया.
इस दौरान आरोपी उत्तम पांडे ने परिवादी को मामले में आरोपी नहीं बनाने के बदले पहले 20 लाख रुपये रिश्वत की मांग की, जिसे बाद में घटाकर 18 लाख और फिर 15 लाख रुपये कर दिया गया. एसीबी टीम ने आरोपी को सीकर शहर के कल्याण सर्किल स्थित अशोका होटल में 13 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए डिटेन किया और अपराध प्रमाणित पाए जाने पर गिरफ्तार कर लिया.
सत्यापन के दौरान आरोपी ने परिवादी के परिवार से मोबाइल और व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से चार–पांच बार बातचीत की, जिसकी रिकॉर्डिंग भी की गई है. इन वार्तालापों में 13 लाख रुपये रिश्वत की मांग की पुष्टि हुई है. फिलहाल पूरे मामले में जांच जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें- बारां में अवैध पटाखा फैक्ट्री का मामला, RD ब्रदर्स की पुलिस को तलाश; नहीं मिल रहे खंडेलवाल भाई