Lawrence and Godara: राजस्थान में एक बार फिर गैंगस्टर रोहित गोदारा सक्रिय होता नजर आ रहा है. एक के बाद एक व्यापारियों को जान से मारने की धमकी देकर करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगी जा रही है. जयपुर में एक व्यापारी से करोड़ों रुपये की मांग का मामला सामने आया है, वहीं बीकानेर में एक RPS अधिकारी से जुड़े केस को वापस लेने की धमकी देकर महिलाओं को डराने का आरोप है. पीड़ित परिवार दहशत में है और पुलिस-प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहा है.
बताया जा रहा है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग इन दिनों राजस्थान में कम सक्रिय है. लॉरेंस के नाम से धमकी भरे कॉल भी पहले की तुलना में कम हो गए हैं. इसकी वजह अनमोल बिश्नोई की गिरफ्तारी और लॉरेंस बिश्नोई के जेल में बंद होने के बाद जेलों में सख्ती मानी जा रही है.
लॉरेंस के इशारे पर ही रंगदारी करता था गोदारा
सूत्रों के अनुसार पहले लॉरेंस बिश्नोई और रोहित गोदारा के बीच गहरी दोस्ती थी. लॉरेंस के इशारे पर ही रोहित गोदारा राजस्थान में व्यापारियों को धमकाकर उनसे करोड़ों रुपये की रंगदारी वसूलता था और पूरा नेटवर्क संभालता था. लेकिन अब दोनों की दोस्ती में दरार आ चुकी है और रास्ते अलग हो गए हैं.
गैंगस्टर राजू ठेठ की हत्या और करनी सेना के नेता सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के पीछे भी रोहित गोदारा का नाम सामने आया था. दोनों ही रोहित गोदारा के रास्ते का कांटा माने जाते थे. राजू ठेठ राजस्थान का बड़ा गैंगस्टर था, लेकिन उसकी हत्या के बाद रोहित गोदारा ने यह संदेश देने की कोशिश की कि राज्य में उससे बड़ा गैंगस्टर कोई नहीं.
इंटरनेट कॉलिंग के जरिए लगातार व्यापारियों को धमकियां
इसके बाद से ही विदेश से इंटरनेट कॉलिंग के जरिए लगातार व्यापारियों को धमकियां दी जा रही हैं.
पिछले साल दिसंबर महीने में चित्तौड़गढ़ जिले के रावतभाटा में एक ठेकेदार से रोहित गोदारा गैंग के नाम पर रंगदारी मांगी गई. चित्तौड़गढ़ में ‘गोल्डमैन' के नाम से पहचाने जाने वाले कन्हैयालाल खटीक को भी धमकी दी गई.
पिछले साल 13 सितंबर को सीकर जिले के फतेहपुर इलाके में प्रॉपर्टी डीलिंग से जुड़े एक व्यक्ति से 2 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई. व्हाट्सएप कॉल और ऑडियो मैसेज के जरिए हिस्ट्रीशीटर ने रकम नहीं देने पर पीड़ित और उसके बेटे को गोली मारने की धमकी दी.
साल 2025 के 16 अक्टूबर को श्रीगंगानगर में गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम पर न्यूरोसर्जन डॉ. दीपक आनंद से 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई. 7 अक्टूबर को उन्हें विदेशी नंबरों से व्हाट्सएप कॉल आए थे.
करोड़ों रुपये की रंगदारी वसूलने की कोशिश
इन सभी मामलों में एक बात कॉमन है, विदेशी नंबरों से कॉलिंग. रोहित गोदारा पर आरोप है कि वह इंटरनेट कॉलिंग के जरिए बड़े व्यापारियों को धमका रहा है और करोड़ों रुपये की रंगदारी वसूलने की कोशिश कर रहा है. सूत्रों का कहना है कि कई मामलों में डर के कारण पीड़ित पुलिस तक भी नहीं पहुंच पाते. हालांकि पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ मामलों में रोहित गोदारा के नाम का इस्तेमाल कर छोटे बदमाश भी रंगदारी मांग रहे थे, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार किया है.
पुलिस का दावा है कि रोहित गोदारा को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा. उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि किन स्थानीय मुखबिरों और बिचौलियों के जरिए व्यापारियों की जानकारी विदेश तक पहुंचाई जा रही है. ऐसे बिचौलियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें- राजस्थान सरकार का बड़ा फैसला, सरकारी स्कूलों में स्टूडेंट्स को अखबार पढ़ना जरूरी