ACB Action: 15000 रुपये की रिश्वत लेते रेवेन्यू इंस्पेक्टर हुआ ट्रैप, एसीबी ने रंगे हाथ दबोचा

एसीबी को इस मामले की शिकायत मिली थी, जिसके बाद टीम ने इसका सत्यापन करवाया. वहीं सत्यापन के दौरान ही रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई. इसके बाद एसीबी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
उदयपुर में एसीबी की कार्रवाई

ACB Action: राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की ओर से लगातार भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई कर रही है. ताजा मामले में एसीबी की टीम ने उदयपुर में बड़ी कार्रवाई की है. एसीबी ने सरकारी तंत्र में फैले घूसखोरी के खेल का पर्दाफाश किया है. यहां एसीबी के शिकंजे में रेवेन्यू इंस्पेक्टर आया है जो 15000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया है. बताया जा रहा है कि रेवेन्यू इंस्पेक्टर वल्लभनगर तहसील कार्यालय में तैनात था.

कृषि भूमि के रिकॉर्ड में त्रुटि ठीक कराने के लिए रिश्वत

भू-अभिलेख निरीक्षक (रेवेन्यू इंस्पेक्टर) देवेंद्र सिंह राणावत को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. जानकारी के अनुसार परिवादी की कृषि भूमि के रिकॉर्ड में त्रुटि हो गई थी, जिसे सही करवाने के लिए उसने तहसील कार्यालय में आवेदन दिया था. आरोप है कि इस कार्य के एवज में आरोपी ने 15 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की.

Advertisement

सत्यापन के बाद ट्रैप कार्रवाई

एसीबी को इस मामले की शिकायत मिली थी, जिसके बाद टीम ने इसका सत्यापन करवाया. वहीं सत्यापन के दौरान ही रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई. इसके बाद एसीबी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया और आरोपी को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया. 

कार्रवाई के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी ने तहसीलदार से शुद्धिकरण आदेश करवाने का हवाला देते हुए रिश्वत मांगी थी. फिलहाल एसीबी आरोपी से पूछताछ कर रही है और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है. इस कार्रवाई से साफ है कि एसीबी भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है और ऐसे मामलों में लगातार कार्रवाई जारी रहेगी.

यह भी पढ़ेंः डोटासरा के 'केवल ट्वीट से नहीं चलेगा काम' वाले बयान पर सियासत, राजेंद्र राठौड़ ने कहा- यह भीड़ नहीं जुटा पाते