विज्ञापन

राजस्थान में एक और गोल्ड लोन स्कैम, मैनेजर और असिस्टेंट मैनेजर ने किया 30 लाख का घपला

झुंझुनूं में एक और घोटाला सामने आया है. यहां पिलानी में गोल्ड लोन देने वाली कंपनी मणप्पुरम फाइनेंस में भी ब्रांच मैनेजर और असिस्टेंट मैनेजर ने मिलकर कंपनी को करीब 30 लाख रुपये का चूना लगाया है.

राजस्थान में एक और गोल्ड लोन स्कैम, मैनेजर और असिस्टेंट मैनेजर ने किया 30 लाख का घपला
मैनेजर और असिस्टेंट मैनेजर ने किया गोल्ड लोन स्कैम

Rajasthan Gold Loan Scam: राजस्थान के झुंझुनूं में हाल ही पंजाब नेशनल बैंक में गोल्ड लोन का घोटाला सामने आया था. जिसमें करोड़ों के गोल्ड लोन नकली सोने को लेकर साजिश रची गई थी. इस मामले की जांच अब भी जारी है और एक के बाद एक नए खुलासे हो रहे हैं. अब झुंझुनूं में एक और घोटाला सामने आया है. यहां पिलानी में गोल्ड लोन देने वाली कंपनी मणप्पुरम फाइनेंस में भी ब्रांच मैनेजर और असिस्टेंट मैनेजर ने मिलकर कंपनी को करीब 30 लाख रुपये का चूना लगाया है.

यह मामला भी गोल्ड लोन से ही जुड़ा है, जहां गोल्ड लोन के नाम पर पैसों का घपला किया गया है. इस मामले में भी कई लोगों को फंसाया गया है.

गोल्ड लोन ऑडिट में मामला आया सामने

पिलानी सीआई चंद्रभान ने बताया कि मणप्पुरम फाइनेंस कंपनी के एरिया मैनेजर लोकेश शर्मा ने 9 दिसंबर 2025 को मामला दर्ज करवाया था कि कंपनी के पिलानी ब्रांच मैनेजर संदीप सैनी जो सीकर जिले के श्रीमाधोपुर थाना इलाके के रहने वाले हैं. जबकि सहायक मैनेजर नरेंद्र सिह जो गुढ़ागौड़जी थाना इलाके के रहने वाले हैं यहां कार्यरत थे. कंपनी ने 12 अक्टूबर से 24 अक्टूबर 2025 के बीच ब्रांच द्वारा दिए गए गोल्ड लोन की आडिट करवाई थी. जिसके बाद सामने आया कि दोनों आरोपियों ने अन्य लोगों के साथ मिलीभगत कर 30 लाख से ज्यादा का लोन नकली सोने के बदले ​दे दिया.

10 परिचितों को 30 लाख रुपये का लोन

पुलिस ने मामले की जांच की तो सामने आया कि दोनों आरोपियों ने नकली सोने के बदले अपने करीब 10 परिचितों और रिश्तेदारों को 30 लाख रुपए से ज्यादा का लोन देकर राशि का गबन किया है. जिस पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया है. सीआई चंद्रभान ने बताया कि इस मामले में जिन 10 परिचितों और रिश्तेदारों के साथ-साथ अन्य कर्मचारियों की मिलीभगत सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. 

आपको बता दें कि पीएनबी नवलगढ़ में भी कुछ इसी तरह का घोटाला किया गया था. वहीं अब इस निजी फाइनेंस कंपनी के घोटाले के बाद गोल्ड लोन देने के पूरे सिस्टम पर सवाल उठ गए है. बैंकिंग क्षेत्र और फाइनेंस क्षेत्र, दोनों ही क्षेत्रों में काम कर रही कंपनियों में लगातार आ रहे ऐसे मामलों से हड़कंप मचा हुआ है.

यह भी पढ़ेंः PNB गोल्ड लोन घोटाले में बड़ा खुलासा, फर्जी सोने पर कई बार लोन... मैनेजर सुसाइड और बैंक लूट का प्लान

    Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

    फॉलो करे:
    Close