विज्ञापन

PNB गोल्ड लोन घोटाले में बड़ा खुलासा, फर्जी सोने पर कई बार लोन... मैनेजर सुसाइड और बैंक लूट का प्लान

राजस्थान में झुंझुनूं के नवलगढ़ में पीएनबी बैंक गोल्ड लोन घोटाले ने सनसनी मचा दी है. जांच में सामने आया कि फर्जीवाड़ा छुपाने के लिए बैंक लूट और मैनेजर के सुसाइड तक की खौफनाक साजिश रची गई थी.

PNB गोल्ड लोन घोटाले में बड़ा खुलासा, फर्जी सोने पर कई बार लोन... मैनेजर सुसाइड और बैंक लूट का प्लान
झुंझुनूं के नवलगढ़ में पीएनबी बैंक गोल्ड लोन घोटाले ने सनसनी मचा दी है

Rajasthan News: राजस्थान के झुंझुनूं जिले के नवलगढ़ स्थित पंजाब नेशनल बैंक की नानसा गेट शाखा में हुए गोल्ड लोन घोटाले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस मामले में सस्पैंड ब्रांच मैनेजर अमित जांगिड़ और उसके सहयोगी बैंक मित्र संतोष सैनी को गिरफ्तार किया गया है. दोनों की गिरफ्तारी के बाद ऐसे खुलासे सामने आए हैं जिसने पुलिस और बैंक प्रबंधन को चौंका दिया है.

130 फर्जी गोल्ड लोन खातों से निकाले करोड़ों

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने करीब 120 से 130 फर्जी गोल्ड लोन अकाउंट खोलकर बैंक से करोड़ों रुपये निकाले. कई मामलों में बिना सोना जमा किए लोन लिया गया जबकि कई बार एक ही सोने को बार बार दिखाकर अलग अलग नामों से लोन उठाया गया. यह फर्जीवाड़ा करीब दो साल से चल रहा था और पिछले साल इसमें सबसे ज्यादा रकम निकाली गई.

घोटाला छुपाने के लिए लूट की साजिश

झुंझुनूं एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय ने बताया कि घोटाले को छुपाने के लिए अमित जांगिड़ ने बैंक में लूट करवाने तक की योजना बना ली थी. इसके लिए बदमाशों को 20 लाख रुपये दिए गए और बैंक की रेकी भी करवाई गई. योजना थी कि लूट के दौरान फर्जी गोल्ड गायब दिखाया जाए और सबूत मिटा दिए जाएं.

सुसाइड और इंश्योरेंस क्लेम का प्लान

पूछताछ में यह भी सामने आया कि अमित जांगिड़ ने पिछले साल चार करोड़ रुपये का इंश्योरेंस कराया था. योजना यह थी कि अगर मामला खुलता है तो वह आत्महत्या कर ले और परिवार को बीमा राशि मिल जाए. बैंक द्वारा ऑडिट शुरू होने के बाद वह परिवार सहित गायब हो गया था.

लग्जरी जिंदगी और भारी निवेश

फर्जी लोन से निकाले पैसों से अमित जांगिड़ ने जमीन मकान महंगी कारें बुलेट बाइक पिकअप वाहन डेयरी फार्म और जयपुर व सीकर में प्रॉपर्टी खरीदी. वहीं कम वेतन पाने वाला संतोष सैनी भी दुकानों प्लॉट और मकानों का मालिक बन गया.

पुलिस जांच जारी

पुलिस ने बताया कि बैंक से सोना ज्यादा नहीं निकाला गया बल्कि फर्जी तरीके से सोना दिखाकर रकम हड़पी गई. अधिकांश सोना रिकवर कर लिया गया है. इस मामले में अन्य सहयोगियों और लूट की साजिश में शामिल बदमाशों की तलाश जारी है. पुलिस का कहना है कि घोटाले से जुड़े हर व्यक्ति को गिरफ्तार किया जाएगा.

यह भी पढ़ें- सलमान खान को पान मसाले मामले में मिली आंशिक राहत, जमानती और गिरफ्तारी वारंट दोनों पर होगी सुनवाई

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close