विज्ञापन
This Article is From Feb 07, 2026

आनासागर झील में छलांग लगाकर कांस्टेबल ने बचाई युवती की जान, अजमेर एसपी ने किया सम्मानित 

राजस्थान के अजमेर में यातायात पुलिस के कांस्टेबल मोहरसिंह ने अपनी जान जोखिम में डालकर आनासागर झील में डूबी युवती को बचाया. उनके साहसिक और मानवीय कार्य से पुलिस की छवि मजबूत हुई और उन्हें सम्मानित किया गया.

आनासागर झील में छलांग लगाकर कांस्टेबल ने बचाई युवती की जान, अजमेर एसपी ने किया सम्मानित 
अजमेर में यातायात पुलिस के कांस्टेबल को एसपी ने सम्मानित किया है.

Rajasthan News: राजस्थान के अजमेर जिले में पुलिस का एक मानवीय और साहसिक चेहरा सामने आया है. यातायात शाखा में तैनात कांस्टेबल मोहरसिंह ने अपनी सूझबूझ और बहादुरी से एक युवती की जान बचाकर सभी का दिल जीत लिया. यह घटना 31 जनवरी 2026 की है जब ड्यूटी के दौरान उन्हें सूचना मिली कि एक युवती आनासागर झील में कूद गई है.

बिना देर किए झील में लगाई छलांग

सूचना मिलते ही कांस्टेबल मोहरसिंह तुरंत मौके पर पहुंचे. हालात की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना झील में छलांग लगा दी. पानी में संघर्ष कर रही युवती को उन्होंने सुरक्षित बाहर निकाला और समय रहते उसकी जान बचा ली. उनकी त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया.

लोगों ने किया साहस का वीडियो रिकॉर्ड

घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों ने पूरा घटनाक्रम मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया. यह वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. स्थानीय लोगों और आमजन ने कांस्टेबल के साहस और मानवता की जमकर सराहना की. समाचार पत्रों में भी इस घटना को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया.

पुलिस के प्रति बढ़ा जनविश्वास

अजमेर पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया कि इस घटना से पुलिस के प्रति आमजन में सकारात्मक संदेश गया है. लोगों का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हुआ है. यह कार्य पुलिस की सेवा भावना और कर्तव्यनिष्ठा को दर्शाता है.

नकद इनाम और प्रशंसा पत्र से सम्मानित

कांस्टेबल मोहरसिंह के उत्कृष्ट और सराहनीय कार्य को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक अजमेर ने उन्हें 5000 रुपये नकद इनाम और प्रशंसा पत्र देने के आदेश जारी किए हैं. यह सम्मान उनके नाम के साथ दर्ज किया जाएगा. पुलिस प्रशासन ने इसे बहादुरी मानवीय संवेदनशीलता और कर्तव्य के प्रति समर्पण का उदाहरण बताया है.

बने अन्य पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणा

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कांस्टेबल मोहरसिंह का यह कार्य अन्य पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत है. ऐसे साहसिक कदम समाज में पुलिस की सकारात्मक भूमिका को मजबूत करते हैं.

यह भी पढ़ें- टोंक में महिला BDO को कार्यालय में दी जान से मारने की धमकी, पंचायत समिति में हंगामा  

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close