Ajmer viral video: अजमेर में ख्वाजा गरीब नवाज की दरगाह से चंद कदमों की दूरी पर एक युवक के साथ मारपीट का वीडियो वायरल है. सोशल मीडिया पर कई यूजर्स इसे शेयर कर रहे हैं, जिसके बाद से हड़कंप मच गया है. वीडियो में 5 से 6 युवक एक शख्स को मोबाइल चोरी के आरोप में पकड़ते हैं. फिर उसे घेरकर बेरहमी से मारते-पीटते नजर आ रहे हैं. कोई मुक्कों से तो कोई लात-घूंसों से हमला करता दिख रहा है. जबकि पीड़ित युवक खुद को बेकसूर बताते हुए छोड़ने की गुहार लगाता रहा, लेकिन मौके पर मौजूद किसी शख्स ने उसे बचाने की कोशिश नहीं की.
मोबाइल बरामद नहीं, फिर भी मिली ‘सजा'
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जयपुर से आए एक जायरीन का मोबाइल चोरी हुआ था. शक के आधार पर युवक को पकड़ लिया गया और बिना पुलिस को सौंपे ही उसकी पिटाई हुई. युवक के पास से मोबाइल फोन बरामद नहीं हुआ. इसके बावजूद भीड़ ने कानून हाथ में लेते हुए उसकी पिटाई जारी रखी.
वायरल वीडियो के बाद कानून-व्यवस्था पर सवाल
घटना को लेकर दरगाह थाना पुलिस में किसी प्रकार की चोरी या मारपीट की औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. दरगाह क्षेत्र में आमतौर पर भारी पुलिस जाब्ता तैनात रहता है, ऐसे में इस तरह की घटना कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है. फिलहाल वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की ओर से मामले की जांच की संभावना जताई जा रही है.
यह भी पढ़ेंः "यमुना जल समझौते का एक बूंद पानी भी राजस्थान नहीं आया", डोटासरा का तंज- हमें सिर्फ बरसाती पानी मिलने वाला है