विज्ञापन

आमेर की मावठा सरोवर में पहली बार शुरू होगी बोटिंग,  जयपुर के पर्यटन को मिलेगा नया आकर्षण

राजस्थान के जयपुर के आमेर में पर्यटन को नया आकर्षण मिलने जा रहा है. विश्वविख्यात आमेर किले के सामने स्थित मावठा सरोवर में पहली बार बोटिंग शुरू होगी जिससे पर्यटक झील के बीच से किले का अनोखा नजारा देख सकेंगे. रिपोर्ट- रोहन शर्मा

आमेर की मावठा सरोवर में पहली बार शुरू होगी बोटिंग,  जयपुर के पर्यटन को मिलेगा नया आकर्षण
आमेर के मावठा सरोवर में पहली बार बोटिंग शुरू होगी.

Rajasthan News: राजस्थान की राजधानी जयपुर के आमेर क्षेत्र में देशी और विदेशी पर्यटकों के लिए जल्द ही एक नई और खास सुविधा शुरू होने जा रही है. विश्व प्रसिद्ध आमेर किले के सामने स्थित ऐतिहासिक मावठा सरोवर में पहली बार बोटिंग सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी. इस पहल से आमेर का पर्यटन अनुभव और भी यादगार बन जाएगा.

झील के बीच से दिखेगा आमेर किले का अद्भुत दृश्य

अब तक पर्यटक आमेर किले की भव्यता को पहाड़ियों और प्राचीरों से देखते आए हैं लेकिन बोटिंग शुरू होने के बाद पर्यटक झील के पानी के बीच से किले की खूबसूरती को निहार सकेंगे. झील में पड़ती किले की परछाई चारों ओर अरावली की पहाड़ियां और शांत वातावरण इस दृश्य को बेहद खास बना देगा.

मार्च के पहले सप्ताह से शुरू होने की उम्मीद

पर्यटन विभाग के निदेशक माधव शर्मा के अनुसार पर्यटन निगम की ओर से बोटिंग संचालन के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और तैयारियां अंतिम चरण में हैं. यदि सब कुछ योजना के अनुसार रहा तो मार्च के पहले सप्ताह से पर्यटक मोटर बोट और पैडल बोट के जरिए मावठा झील की सैर कर सकेंगे.

Latest and Breaking News on NDTV

कश्मीरी शिकारे की तर्ज पर होगा अनुभव

मावठा सरोवर में बोटिंग की सुविधा कश्मीरी शिकारे की तर्ज पर विकसित की जा रही है. यहां चार से बीस सीटर बोटों के साथ पैडल बोट भी उपलब्ध होंगी. इसके अलावा दस मिनट की हाई स्पीड बोटिंग शुरू कर सॉफ्ट टूरिज्म और एडवेंचर टूरिज्म को भी बढ़ावा दिया जाएगा. जल्द ही सभी बोटों का किराया तय किया जाएगा.

जयपुर पर्यटन को मिलेगा नया आयाम

अब तक जयपुर में हाथी सफारी और लायन सफारी जैसे आकर्षण मौजूद थे लेकिन झील में बोटिंग जैसी सुविधा नहीं थी. मावठा सरोवर में बोटिंग शुरू होने से जयपुर और आमेर की पर्यटन पहचान और मजबूत होगी और यह स्थान पर्यटकों के लिए बड़ा आकर्षण केंद्र बनेगा.

Latest and Breaking News on NDTV

स्थानीय लोगों में खुशी और रोजगार की उम्मीद

आमेर महल के वरिष्ठ पर्यटक गाइड महेश कुमार शर्मा के अनुसार बोटिंग की खबर से स्थानीय लोगों और पर्यटन कारोबारियों में उत्साह है. गाइड नाविक सुरक्षा कर्मी फोटोग्राफर टैक्सी चालक और छोटे व्यापारियों को इससे रोजगार मिलने की उम्मीद है. होटल रेस्टोरेंट और हस्तशिल्प बाजार को भी इसका लाभ मिलेगा.

संरक्षण और विकास का संतुलन

परियोजना में झील की सफाई जलस्तर की निगरानी और ऐतिहासिक ढांचे की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी. बोटिंग की संख्या सीमित रखी जाएगी ताकि पर्यावरण और विरासत दोनों सुरक्षित रह सकें.

यह भी पढ़ें- कोटा में 5 साल की मासूम की संदिग्ध मौत, मां ने लगाया जहर देने का आरोप; पिता ने बीमारी बताया कारण

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close