Rajasthan News: राजस्थान के कोटा जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. रानपुर थाना क्षेत्र में रहने वाली पांच साल की मासूम कृष्णा की इलाज के दौरान मौत हो गई. बच्ची को परिजन अचेत अवस्था में मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे थे जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
इलाज के दौरान तोड़ा दम
परिजनों के अनुसार बच्ची की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी. हालत गंभीर होने पर उसे तुरंत अस्पताल लाया गया लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.
मां ने लगाए गंभीर आरोप
मृतक बच्ची की मां गायत्री ने ससुराल पक्ष के एक सदस्य पर जहर देने का आरोप लगाया है. मां का कहना है कि बच्ची पूरी तरह स्वस्थ थी और उसे जानबूझकर जहरीला पदार्थ दिया गया. इसी शक के आधार पर पुलिस को सूचना दी गई.
पिता ने बीमारी बताई मौत की वजह
वहीं बच्ची के पिता जीवराम ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि कृष्णा की तबीयत पहले से खराब थी और उसे पीलिया हो रहा था. पिता का कहना है कि बीमारी के चलते ही बच्ची की मौत हुई है.
पारिवारिक विवाद का भी जिक्र
जानकारी के अनुसार कृष्णा की मां गायत्री और उसकी ननद के बीच अक्सर विवाद होता रहता था. कुछ दिन पहले भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था. इसके बाद गायत्री अपने तीनों बच्चों को घर पर छोड़कर 1 फरवरी को पीहर नसीराबाद चली गई थी.
फोन पर मिली मौत की सूचना
4 फरवरी को ससुराल पक्ष ने गायत्री को फोन कर बच्ची की मौत की जानकारी दी. सूचना मिलते ही गायत्री कोटा पहुंची और बेटी की मौत पर संदेह जताते हुए जहर देने का आरोप लगाया.
मेडिकल बोर्ड से कराया पोस्टमार्टम
मां के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए रानपुर थाना पुलिस ने शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी.
पुलिस कर रही जांच
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. परिजनों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं. पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ो- अजमेर फर्जी दिव्यांग प्रमाण पत्र कांड, RPSC से JLN अस्पताल तक फैला नेटवर्क; ठेका कर्मी गिरफ्तार