राजस्थान में निजी बस ऑपरेटरों के हड़ताल की वजह से खाटूश्यामजी के लक्खी मेले में आए भक्तों को परेशानी हो रही है. इसको देखते हुए बीजेपी विधायक बालमुकुंद आचार्य ने परिवहन मंत्री और डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा से मुलाकात की. श्याम भक्तों के लिए बसों की व्यवस्था करवाने की मांग की. डिप्टी सीएम ने खाटूश्याम भक्तों के लिए रोडवेज और निजी बस की व्यवस्था करवाने के लिए कहा है.
लक्खी मेले में लाखों श्रद्धालु पहुंचे
खाटूश्यामजी के लक्खी मेले में लाखों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं. इसी बीच निजी बस ऑपरेटर 23 फरवरी की रात 12 बजे से हड़ताल पर चले गए, जिससे निजी बसों के पहिए थम गए. इसकी वजह से सबसे अधिक परेशानी खाटूश्यामजी के भक्तों को हो रही है. बीजेपी विधायक बालमुकुंद आचार्य, सुभाष मील और शत्रुघ्न गौतम ने डिप्टी सीएम और परिवहन मंत्री प्रेमचंद बैरवा से मुलाकात की. श्याम भक्तों के लिए बसों की व्यवस्था करवाने की मांग की.
"श्याम भक्तों को वाहन उपलब्ध कराया जाए"
विधायक बालमुकुंद आचार्य ने कहा कि भक्तों के फोन आ रहे हैं, और पूरे देश से जितने भी श्याम भक्त आए हैं, वो खाटूश्याम मेले में आने के बाद अपने घरों को वापस जाना चाहते हैं. ऐसे में जयपुर, सीकर या रींगस के लिए वाहनों की आवश्यकता है, इसलिए वाहनों को उपलब्ध करवाया जाए, जिससे आने वाले भक्तों को कोई समस्या ना हो. मंत्री महोदय ने मुझे आश्वस्त किया है और अधिकारियों को निर्देश भेजा है कि जल्द से जल्द वहां और बसों की व्यवस्था की जाए. होली का त्योहार और खाटूश्यामजी के मेले को देखते हुए यात्रियों को कोई परेशानी ना हो.
मंत्री प्रेमचंद बैरवा ने कमिश्नर को दिए निर्देश
परिवहन मंत्री प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि जितने भी पैदल यात्री आ रहे हैं, उनके लिए पूरी व्यवस्था की जा रही है, मैंने कमिश्नर साहब को बुलाकर निर्देश दिए हैं, अभी व्यवस्था हो जाएगी. हम रोडवेज और सरकारी तंत्र के अंदर उपलब्ध प्राइवेट मिनी बसों की व्यवस्था करवाई जा रही है.
यह भी पढ़ें: PM मोदी की सभा के लिए नहीं दिया उधार तेल, BJP नेता की बहू के पेट्रोल पंप सहित 2 पर ADM का एक्शन