राजस्थान समेत देशभर में तेज रफ़्तार गाड़ियों के हादसे रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं. पिछले महीने जयपुर के पत्रकार थाना इलाके में एक तेज रफ्तार ऑडी कार ने 16 निर्दोष लोगों को कुचल दिया था जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई थी. पिछले महीने जयपुर में विधानसभा के सामने भी एक अनियंत्रित सफेद थार ने सड़क पर खड़ी चार गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया था. इस महीने के शुरू में जयपुर के शिप्रापथ इलाके में भी एक ब्लैक थार का आतंक देखने को मिला जिसने कई गाड़ियों को टक्कर मार क्षतिग्रस्त कर दिया था. बीते एक महीने में जयपुर में थार गाड़ी के कहर की यह पांचवीं घटना थी. अब जयपुर में एक तेज रफ़्तार सफ़ेद स्कॉर्पियो के आतंक की घटना सामने आई है जिसमें दो लोगों की मौत हो गई है. इस खतरनाक दुर्घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है.
रात 12 बजे हुआ हादसा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा सोमवार, 16 फरवरी की रात 12 बजे के आस-पास को जयपुर के झोटवाड़ा, कांटा चौराहे के आगे महाराणा प्रताप चौराया स्कूल के ठीक सामने हुआ. हादसे में दोनों स्कूटी सवार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. वीरेंद्र अपोलो फार्मेसी में काम करता था.
मृतकों के नाम वीरेंद्र और मोहित शर्मा थे. वीरेंद्र भरतपुर और मोहित नीम का थाना का निवासी था. ये दोनों दोस्त थे और जयपुर के पांचावाला इलाके में किराये पर रहते थे. कल रात ये दोनों युवक खाना खाने के बाद लौट रहे थे जब तेज़ स्कॉर्पियो ने उन्हें सामने से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि ऐक्टिवा स्कूटी उछलकर दूर जा गिरी.
देखिए दुर्घटना का CCTV Video -:
स्कॉर्पियो लेकर भाग गया चालक, तलाश जारी
हादसे के बाद स्कॉर्पियो भी अनियंत्रित हो गई, लेकिन थोड़ी देर बाद स्कॉर्पियो चालक गाड़ी लेकर भाग गया. फिलहाल उसकी तलाश की जा रही है. साथ ही दूसरी जगहों से भी वीडियो खोजा जा रहा है क्योंकि अभी जो वीडियो मिला है उसमें गाड़ी के नंबर साफ़ नहीं दिख रहे हैं.
जिस जगह पर यह हादसा हुआ उस रास्ते में गाड़ी चलाने की गति सीमा 30 किलोमीटर प्रति घंटे है. लेकिन, स्कॉर्पियो गाड़ी की गति 100 किलोमीटर प्रति घंटे से भी ज़्यादा बताई जा रही है. पुलिस को शक है कि चालक शराब के नशे में हो सकता है जिसकी वजह से यह हादसा हुआ.
दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के बाद उनके परिवार को सौंप दिया गया है.