विज्ञापन
This Article is From Jun 10, 2025

बीजेपी विधायक शंकर सिंह रावत की हत्या की कोशिश, निर्दलीय चुनाव लड़े नेता पर हमले का आरोप

भाजपा विधायक शंकर सिंह रावत ने अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी महेंद्र सिंह रावत पर हत्या का प्रयास करने का आरोप लगाया है. 

बीजेपी विधायक शंकर सिंह रावत की हत्या की कोशिश, निर्दलीय चुनाव लड़े नेता पर हमले का आरोप
शंकर सिंह रावत

Rajasthan News: राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता ने एक बार फिर जनप्रतिनिधि की जान पर बन आई. ब्यावर के चार बार के भाजपा विधायक शंकर सिंह रावत की हत्या की साजिश रचने और बार-बार जानलेवा हमला करने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है. विधायक के ड्राइवर वीरेंद्र सिंह की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. बता दें कि बीजेपी विधायक ने चुनाव में उनके 4 बार प्रतिद्वंदी रहे निर्दलीय उम्मीदवार पर यह मामला दर्ज करवाते हुए कहा कि हत्या के इरादे से उनके उपर कई बार हमला किया जा चुका है. 

4 बार चुनाव हार चुका है आरोपी 

शिकायत में कहा गया है कि महेंद्र सिंह रावत, जो विधायक शंकर सिंह रावत के राजनीतिक और सामाजिक प्रतिद्वंदी हैं, ने पिछले चुनाव में भारी मतों से हारने के बाद अपनी जमानत गंवाई थी. इसके बाद से वह लगातार विधायक से रंजिश रखने लगे और हत्या की साजिश रचने लगे. एफआईआर में यह भी उल्लेख है कि महेंद्र सिंह एक आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है, जिसके खिलाफ विभिन्न थानों में गंभीर प्रकरण दर्ज हैं और वह कई अनैतिक गतिविधियों में भी लिप्त रहा है.

असम से खरीदी स्कॉर्पियो नहीं कराया रजिस्ट्रेशन

विधायक के ड्राइवर के अनुसार, महेंद्र सिंह ने आसाम से एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो खरीदी थी, जिसे लंबे समय तक बिना नंबर प्लेट के इस्तेमाल किया गया और बाद में जयपुर में अपने करीबी सुखदेव सिंह के नाम पर RJ 14 UK 7121 नंबर से रजिस्टर्ड करवाया गया. आरोप है कि इस गाड़ी का उपयोग लगातार विधायक का पीछा करने और उन पर जानलेवा हमला करने के प्रयासों में किया गया.

कई बार स्कॉर्पियो से टक्कर मारने का किया प्रयास

दिनांक 17 मई 2025 को शाम करीब 6 बजे, जब विधायक अपने गांव हिम्मतपुरा जा रहे थे, तब सेंधवा रोड पर स्कॉर्पियो से जानबूझकर टक्कर मारने की कोशिश की गई. लेकिन ड्राइवर की सूझबूझ से दुर्घटना टल गई और विधायक ने जय भवानी पेट्रोल पंप पर जाकर किसी तरह अपनी जान बचाई. इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज पेट्रोल पंप पर लगे कैमरों में रिकॉर्ड होना बताया गया है.

इतना ही नहीं, 5 जून को आशापुरा माता मंदिर के बाहर भी महेंद्र सिंह द्वारा विधायक पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया गया. मौके पर मौजूद लोगों की तत्परता से विधायक को खींचकर उनकी जान बचाई गई.

इन धाराओं में हुआ मुकदमा दर्ज

इस गंभीर शिकायत के आधार पर साकेत नगर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 109 (1), 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. इस घटना ने राजनीतिक क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है और एक बार फिर जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

ये भी पढ़ें- मानव अधिकार आयोग से अजमेर जेल के कैदियों ने की टीवी की मांग, जानें आयोग अध्यक्ष ने क्या दिया जवाब

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com