बालोतरा: स्कूल में 2 साल से धूल फांक रही 100 से ज्यादा साइकिलें, शिक्षा विभाग की अनदेखी उजागर

करीब दो साल तक ये साइकिलें बंद कमरे में पड़ी रहीं. हाल ही में जब विद्यालय में बढ़ती कक्षाओं के लिए नए कमरों की जरूरत महसूस हुई तो उस कमरे को खाली कराया गया.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
स्कूल में 2 साल से धूल फांक रही 100 से ज्यादा साइकिलें

Rajasthan News: बालोतरा जिले में शिक्षा विभाग की गंभीर लापरवाही उजागर हुई है. राज्य सरकार द्वारा छात्राओं को निशुल्क बांटी जाने वाली साइकिलें पिछले लगभग दो साल से धूल व जंग खा रही हैं. जसोल स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय के परिसर में 100 से अधिक साइकिलें खुले में रखी हुईं, अब तक छात्राओं  को नहीं बांटी जा सकी हैं. जानकारी के अनुसार, ये साइकिलें पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में बालिकाओं के लिए भेजी गई थीं. उस समय वितरण के बाद जो साइकिलें बच गई थीं, उन्हें ब्लॉक शिक्षा कार्यालय ने विद्यालय के एक कमरे में रखवा दिया था. 

जंग लगने से ज्यादातर साइकिलें खराब

इसके बाद विभाग के अधिकारी मानो इन साइकिलों को भूल ही गए. करीब दो साल तक ये साइकिलें बंद कमरे में पड़ी रहीं. हाल ही में जब विद्यालय में बढ़ती कक्षाओं के लिए नए कमरों की जरूरत महसूस हुई तो उस कमरे को खाली कराया गया. जैसे ही साइकिलों को बाहर निकाला गया, लापरवाही की पूरी कहानी सबके सामने आ गई- ज्यादातर साइकिलें जंग लगने और रखरखाव के अभाव में अब खराब स्थिति में पहुंच चुकी हैं. 

इस बीच सरकार बदलने के बाद योजना में भी बदलाव किए गए हैं, जिनमें साइकिलों के रंग सहित कई अन्य बिंदुओं में संशोधन किया गया है. ऐसे में पुरानी साइकिलें अब योजना के मानकों पर भी खरी नहीं उतरतीं, जिससे सरकारी संसाधनों की बर्बादी साफ झलकती है. मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारी बचाव की मुद्रा में दिखे.

लापरवाही की जांच करवाई जाएगी- शिक्षा अधिकारी

जिला शिक्षा अधिकारी देवाराम प्रजापति ने बताया कि पिछले वर्ष कुछ साइकिलें वितरित नहीं हो पाई थीं, इसलिए उन्हें सुरक्षित कमरे में रखा गया था. उनका कहना है कि इस बार कम संख्या में नई साइकिलों की मांग भेजी गई है और बाकी पुरानी साइकिलों को भी जल्द बांट दिया जाएगा. उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि वितरण में देरी हुई है और कहीं न कहीं लापरवाही जरूर हुई है, जिसकी जांच करवाई जाएगी. 

Advertisement

यह भी पढे़ं-

बीजेपी विधायक गोपाल शर्मा ने माफी मांगी, विधानसभा में आई थी डोटासरा से हाथापाई की नौबत

'इंदिरा गांधी ने साधु संन्यासियों पर चलवाई गोली' सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने कांग्रेस को याद दिलाया इतिहास