विज्ञापन

बांसवाड़ा: बोर्ड परीक्षा देने जा रही 12वीं की छात्रा की रास्ते में मौत, हार्ट अटैक की आशंका

राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में सज्जनगढ़ में बोर्ड परीक्षा देने जा रही 12वीं की छात्रा पूजा कुमारी मीणा की रास्ते में तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई. प्रारंभिक जांच में हार्ट अटैक की आशंका जताई गई है. घटना से क्षेत्र में गहरा शोक है.

बांसवाड़ा: बोर्ड परीक्षा देने जा रही 12वीं की छात्रा की रास्ते में मौत, हार्ट अटैक की आशंका

Rajasthan News: राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के सज्जनगढ़ उपखंड में शनिवार को एक बेहद दुखद घटना सामने आई. 12वीं कक्षा की छात्रा पूजा कुमारी मीणा की बोर्ड परीक्षा देने जाते समय अचानक तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृत्यु का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है. घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है.

छात्रावास में रहकर कर रही थी पढ़ाई

20 वर्षीय पूजा कुमारी मीणा मूल रूप से प्रतापगढ़ जिले के नया खेड़ा गांव की रहने वाली थी. वह राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सागवा में 12वीं कक्षा की छात्रा थी और सागवा छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रही थी. शनिवार को उसका कृषि विज्ञान विषय का बोर्ड पेपर था. वह अपनी सहेलियों के साथ परीक्षा केंद्र की ओर जा रही थी.

रास्ते में गिरी बेहोश

परीक्षा केंद्र पहुंचने से पहले अचानक पूजा को चक्कर आया और वह रास्ते में ही बेहोश होकर गिर पड़ी. साथ चल रही सहेलियां घबरा गईं और तुरंत आसपास के लोगों को सूचना दी. घटना की खबर मिलते ही जिला परिषद सदस्य नरसिंह निनामा स्थानीय सरपंच और ग्रामीण मौके पर पहुंचे.

अस्पताल में तोड़ा दम

ग्रामीणों ने बिना देर किए पूजा को निजी वाहन से सरकारी अस्पताल सज्जनगढ़ पहुंचाया. छात्रावास अधीक्षक प्रियंका चरपोटा भी उसके साथ रहीं. डॉक्टरों ने तुरंत उपचार शुरू किया लेकिन काफी कोशिशों के बाद भी छात्रा को बचाया नहीं जा सका. चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

हार्ट अटैक की आशंका, पोस्टमार्टम होगा

थाना अधिकारी धनपत सिंह ने बताया कि प्रारंभिक रूप से मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है. घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है. प्रतापगढ़ से परिजन पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है.

पूजा की अचानक मौत से विद्यालय परिवार सहपाठी और पूरा क्षेत्र स्तब्ध है. शिक्षा के सपनों के साथ परीक्षा देने निकली एक छात्रा का यूं असमय चले जाना सभी को भावुक कर गया.

यह भी पढ़ें- Rajasthan: दौसा में 6 साल बाद खुला टिल्लू हत्या कांड, एक्सप्रेस-वे पर दफनाई गई थी मासूम की लाश

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close