Rajasthan News: राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के तेजपुर गांव में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना ने सबको झकझोर कर रख दिया है. सदर थाना क्षेत्र में रहने वाली रेखा नामक विवाहिता पर एक सिरफिरे युवक ने अचानक जानलेवा हमला कर दिया. आरोपी ने धारदार ब्लेड से महिला के नाजुक अंगों पर वार किए जिससे वह गंभीर रूप से लहूलुहान हो गई.
जानें क्या है पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता रेखा अपने घर पर मौजूद थी तभी गांव का ही सुजल नामक युवक वहां पहुंचा. बिना किसी पूर्व विवाद के आरोपी ने अचानक धारदार ब्लेड से रेखा पर हमला बोल दिया. इस हमले में महिला के गले, कमर और पैरों पर गहरे घाव हो गए. वार इतना घातक था कि रेखा मौके पर ही गिर पड़ी और काफी खून बह गया.
परिजनों ने बिना समय गंवाए उन्हें बांसवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया. डॉक्टरों की टीम ने तुरंत ऑपरेशन कर घायल महिला के शरीर पर करीब 25 टांके लगाए हैं. फिलहाल रेखा की हालत नाजुक बनी हुई है और वे अस्पताल में जिंदगी के लिए संघर्ष कर रही हैं.
पुलिस की कार्रवाई और दहशत
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और सबूत जुटाने शुरू किए. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सुजल मौके से फरार होने में कामयाब रहा.
पुलिस ने आरोपी की धरपकड़ के लिए अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है. पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उसे कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी. फिलहाल अस्पताल में पीड़िता का उपचार चल रहा है और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें-