विज्ञापन

बांसवाड़ा: पत्नी के नाम की जमीन अपने नाम करवाना चाहता था पति, विवाद में सरिए से हमला कर की हत्या

बांसवाड़ा में जमीन अपने नाम कराने के विवाद में एक पति ने अपनी पत्नी की लोहे के सरिए से हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. तीन बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है.

बांसवाड़ा: पत्नी के नाम की जमीन अपने नाम करवाना चाहता था पति, विवाद में सरिए से हमला कर की हत्या
बांसवाड़ा में जमीन अपने नाम कराने के विवाद में एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी.

Rajasthan News: राजस्थान के बांसवाड़ा शहर के पास स्थित नबीपुरा इलाके में गुरुवार सुबह रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहाँ जमीन विवाद के चलते एक पति ने अपनी पत्नी की लोहे के सरिए से वार करके निर्मम हत्या कर दी. इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और तीन मासूम बच्चों के सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया है.

जमीन विवाद बना हत्या की वजह

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 32 वर्षीय मृतका इतरी देवी की शादी नबीपुरा निवासी सूरज मईड़ा के साथ हुई थी. परिवार में विवाद की मुख्य जड़ एक जमीन का टुकड़ा था जो इतरी के नाम पर था. आरोपी पति लगातार अपनी पत्नी पर दबाव बना रहा था कि वह वह जमीन उसके नाम कर दे. इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच लंबे समय से अनबन चल रही थी.

सुबह का झगड़ा बना काल

गुरुवार सुबह करीब 7 बजे जब दोनों के बीच इसी जमीन को लेकर बहस शुरू हुई तो बात बेहद बिगड़ गई. आरोपी पति सूरज ने आपा खो दिया और घर में रखा लोहे का सरिया उठाकर अपनी पत्नी के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. गंभीर चोट लगने के कारण इतरी लहूलुहान होकर वहीं गिर गई. वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया. हालांकि परिजनों ने आनन-फानन में घायल महिला को जिला अस्पताल पहुँचाया लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची. एएसआई चंद्रवीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पति सूरज को डिटेन कर लिया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है और मृतका के पीहर पक्ष की शिकायत पर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

यह भी पढ़ें- दौसा में बाइक चोरी के शक में युवक की ली जान, गुस्साई भीड़ ने पेड़ से घंटों बांधकर तड़पाया, CCTV वायरल

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close