राजस्थान विधानसभा की कार्यवाही आज सुबह 11 बजे प्रश्नकाल के साथ शुरू होगी. कार्यवाही में 22 तारांकित और 23 अतारांकित प्रश्नों को शामिल किया जाएगा. प्रश्नकाल के दौरान उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा से संबंधित विभागों कृषि, शिक्षा, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, जल संसाधन, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, सहकारिता और नगरीय विकास से जुड़े सवालों के जवाब दिए जाएंगे. साथ ही कृषि और सहकारिता विभाग की अनुदान मांगों पर चर्चा होगी. चर्चा के बाद इन मांगों को पारित किया जाएगा.
सदन में ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर भी होगी चर्चा
सदन में आज ध्यानाकर्षण प्रस्तावों पर भी चर्चा होगी. विधायक हरिमोहन शर्मा ने बूंदी रोडवेज बस स्टैंड को स्थानांतरित करने के संबंध में ध्यानाकर्षण प्रस्ताव प्रस्तुत किया है. विधायक भागचंद टांकडा ने इंटर डिस्कॉम तबादला नीति के संबंध में प्रस्ताव लगाया है. इस पर ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर जवाब देंगे.
वार्षिक प्रतिवेदन भी रखे जाएंगे
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी द्वारा राजस्थान राज्य राजमार्ग प्राधिकरण और कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ विश्वकर्मा विश्वविद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन पेश करेंगे. ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर विद्युत निगमों द्वारा तैयार विद्युत वितरण प्रबंधन के प्रतिवेदन के साथ अजमेर और जोधपुर डिस्कॉम के वार्षिक प्रतिवेदन भी सदन में रखेंगे. सदन की मेज पर ऊर्जा विभाग की एक अधिसूचना रखी जाएगी, जिसे ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर प्रस्तुत करेंगे.
विधायक अनीता भदेल अजमेर दक्षिण के वार्ड 23, 53 और 55 में उच्च जलाशय निर्माण हेतु भूमि आवंटन, अमृत-2 योजना के तहत पेयजल प्रेशर समस्या के समाधान और सड़क निर्माण से संबंधित 3 याचिकाएं पेश करेंगी. विधायक अमित चाचाण नोहर क्षेत्र के चिकित्सा केंद्रों में बेड की बढ़ोतरी और कार्यों की स्वीकृति से संबंधित दो याचिकाएं पेश करेंगे.
यह भी पढ़ेंः 'लिंग जांच का मतलब अबॉर्शन की साजिश नहीं', HC ने निचली अदालत को फटकारा, डॉक्टर को दी आंशिक राहत