विज्ञापन

भिवाड़ी में लगाई थी कपड़े की फ़ैक्ट्री, अंदर चल रहा था कुछ और; हादसे के बाद खुली सच्चाई

प्रशासन के मुताबिक, फैक्ट्री कागजों में कुछ और थी, हकीकत में कुछ और काम चल रहा था. आग बुझाने के दौरान परेशानी यह भी रही कि भीतर जो भी सामान मौजूद था, उसमें बार-बार ब्लास्ट हो रहा था.

भिवाड़ी में लगाई थी कपड़े की फ़ैक्ट्री, अंदर चल रहा था कुछ और; हादसे के बाद खुली सच्चाई

Bhiwadi Fire: भिवाड़ी फैक्ट्री हादसे में चौंकाने वाली बात सामने आई है. कागजों में इस फैक्ट्री में कपड़ा बनाने की मंजूरी दी गई थी, जबकि हकीकत कुछ और है. प्रशासन के मुताबिक, गारमेंट वर्क्स के लिए स्वीकृत फैक्ट्री में कुछ और ही काम चल रहा था. जब इस संबंध में जिला कलेक्टर आर्तिका शुक्ला से सवाल पूछा गया तो उन्होंने बताया कि हमारा पहला शक था कि कहीं कोई गैस रिसाव या केमिकल लीक तो नहीं हुआ है. वो अभी क्लियर हो गया है. फैक्ट्री रेडीमेड गारमेंट के लिए लगाई गई थी, लेकिन उसके अंदर कुछ और ही हो रहा था. यही नहीं, घटनास्थल से जले हुए पटाखे भी मिले हैं. मौके पर मौजूद NDTV की टीम को स्थानीय लोगों ने बताया कि इस फैक्ट्री में पटाखे बनाए जाते थे और यह बात पूरे इलाके में सबको पता थी.

फैक्ट्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज होगी- डीएम

डीएम ने बताया, "फैक्ट्री किस चीज की थी और यहां स्पष्ट तौर पर क्या काम हो रहा था, इसकी भी जांच होगी. एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. फैक्ट्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी."

मैनेजर और मालिक से जानकारी लेगा प्रशासन

उन्होंने कहा कि देखकर ऐसा लग रहा है कि कोई छोटा विस्फोटक मटेरियल है. इस संबंध में फैक्ट्री के मैनेजर और मालिक को बुलाया गया है. उनसे जानकारी ली जाएगी. प्रशासन मृतक के बारे में जानकारी जुटा रहा है. साथ ही उन्होंने बताया कि मैनेजर के हवाले से फैक्ट्री में 9 मजदूरों के नियमित तौर पर काम करने की जानकारी मिली है.

"7 शव रिकवर, पूरी तरह कंकाल बन चुके थे"

मौके पर पहुंचे फायर इंचार्ज नरेश मीणा ने भी कपड़ा फैक्ट्री की आड़ में अन्य काम संचालित होने की ही बात कही. मीणा ने बताया कि इसमें रह-रहकर, बार-बार ब्लास्ट हो रहा था. फैक्ट्री कागजों में कुछ और थी, हकीकत में कुछ और काम चल रहा था. इसमें दीवाली पर पटाखे बन रहे थे. जबकि रिकॉर्ड में गारमेंट फैक्ट्री थी. फिलहाल 7 शव भी रिकवर किए गए हैं. सभी शव बिल्कुल कंकाल हो चुके थे. 

यह भी पढ़ेंः भिवाड़ी में केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग, 7 मजदूर जिंदा जले, 4 घायल लाए जा रहे दिल्ली एम्स


 

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close