राजधानी जयपुर में बुधवार को शाम बिजली के उपकरण बनाने वाली एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई, जिसमें फैक्ट्री में काम करने वाली एक महिला की मौत हो गई. वहीं, दो अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. मृतक महिला कर्मी की पहचान उत्तर प्रजेश निवासी गोमा देवी के रूप में हुई. फैक्ट्री में भीषण आग की सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल की टीम ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया है. पुलिस फैक्ट्री मालिस से पूछताछ कर रही है.
फैक्ट्री में बनते थे इलेक्ट्रिसिटी के बॉक्स इक्विपमेंट
आग की यह घटना जयपुर में महेश नगर के सुदर्शन पुरा में हुई है. इस फैक्ट्री में इलेक्ट्रिसिटी के बॉक्स इक्विपमेंट बनाए जाते थे. इसी दौरान आज, शाम के समय बेसमेंट में कुछ इलेक्ट्रॉनिक इक्विपमेंट में ब्लास्ट भी हुआ और आग गई. पुलिस के मुताबिक, आग लगते ही फैक्टरी से धुआं उठने लगा, जिससे आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई.
महेश नगर थाना प्रभारी सुरेश यादव ने बताया कि इस हादसे में उत्तर प्रदेश की गोमा देवी की मौत हो गई है, जबकि बिहार के निवासी अभिषेक और मनोज गंभीर रूप से झुलस गए हैं. दोनों घायलों को इलाज के लिए सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

एक चिंगारी से फैक्ट्री में भड़की आग
पुलिस ने बताया कि करतारपुरा औद्योगिक क्षेत्र में ‘जेएमडी एंटरप्राइजेज' नाम की फैक्टरी में बुधवार शाम को भट्टी चालू थी कि तभी अचानक उसमें से निकली चिंगारी से लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया.
फैक्ट्री में आग की सूचना स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को दी. मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और अंदर फंसे दो मजदूरों को बाहर निकाला. घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है. पुलिस ने बताया कि फैक्ट्री मालिकों से पूछताछ की जा रही है.
यह भी पढ़ें-