विज्ञापन

'चप्पल से मारूंगा'... जयपुर में लो-फ्लोर बस में युवती और कंडक्टर के बीच बवाल, दोनों में जमकर गाली गलौज

युवती के हंगामे का वीडियो वायरल होने पर यात्रियों ने कहा कि बस में सफर करने वाले यात्रियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए और बस स्टाफ को भी विवाद की स्थिति में संयम से काम लेना चाहिए.

'चप्पल से मारूंगा'... जयपुर में लो-फ्लोर बस में युवती और कंडक्टर के बीच बवाल, दोनों में जमकर गाली गलौज
जयपुर में लो-फ्लोर बस में युवती और कंडक्टर के बीच बवाल

चाकसू से जयपुर जाने वाली नंबर 16 लो-फ्लोर बस में युवती और बस स्टाफ के बीच विवाद का मामला सामने आया है. गंतव्य स्थान पर बस नहीं रुकने को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते गहमागहमी और हॉट टॉक में बदल गई. इस दौरान बस में मौजूद किसी यात्री ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में युवती यह कहती हुई नजर आ रही है कि उसने जहां बस रुकवाने के लिए कहा था, वहां बस क्यों नहीं रोकी गई.

बस कंडक्टर ने क्या कहा?

इसके जवाब में बस परिचालक (कंडक्टर) यह कहते हुए नजर आता है कि उस स्थान पर बस स्टैंड नहीं है. इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस बढ़ती दिखाई देती है. वीडियो में इसके बाद परिचालक और युवती के बीच तीखी नोकझोंक होती नजर आती है. आरोप है कि इसी दौरान परिचालक ने युवती के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और उसे चप्पल से मारने की बात कहते हुए नजर आया.

इसके बाद युवती भी आपा खोती दिखाई देती है और वीडियो में गाली-गलौज सुनाई देती है. मामला बढ़ता देख बस में मौजूद अन्य यात्रियों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया. कुछ यात्री युवती को समझाते हुए नजर आए और उसे बस से उतरने के लिए कहते दिखाई दिए. इस दौरान बस के अंदर काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा.

बस स्टाफ को संयम बरतने की सलाह

घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. कुछ लोग युवती के पक्ष में अपनी बात रखते नजर आ रहे हैं, जबकि कुछ लोग बस परिचालक का पक्ष लेते दिखाई दे रहे हैं. वहीं, कई लोगों ने सार्वजनिक परिवहन में यात्रियों और बस स्टाफ दोनों से संयम बरतने की अपील की है. 

यात्रियों का कहना है कि बस में सफर करने वाले यात्रियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए और बस स्टाफ को भी विवाद की स्थिति में संयम से काम लेना चाहिए. दूसरी ओर, बस स्टाफ का पक्ष भी पूरी तरह सामने आना जरूरी है, ताकि विवाद की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके. फिलहाल वायरल वीडियो के आधार पर घटना को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं.

हालांकि NDTV वीडियो की पुष्टि नहीं करता है और इसमें दिखाई दे रहे घटनाक्रम की पूरी वास्तविकता संबंधित पक्षों के बयान और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी. मामले में किसी पक्ष की ओर से आधिकारिक शिकायत या परिवहन विभाग की कार्रवाई की जानकारी सामने आती है तो स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी.

यह भी पढे़ं-

अश्‍लील वीड‍ियो और फोटो वायरल होने पर मह‍िला ने क‍िया सुसाइड, देवर के ख‍िलाफ मुकदमा 

जिस कमरे में 2 दिन सोए परिजन, उसी में बक्से से मिली 2 लाशें; बचने के लिए बनाया 'दृश्यम' वाला प्लान

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com