Rajasthan News: राजस्थान के सरहदी इलाकों में नशे की तस्करी तेजी से बढ़ रही है. नशे की तस्करी के यहां कई सबूत मिल चुके हैं. ऐसे में नशे की तस्करी से ही जुड़ा एक अजीबो गरीब मामला सामने आया है. अंतर्राष्ट्रीय सीमा क्षेत्र ऐसा मामला आया है, जहां नीलगाय ने 70 करोड़ रुपये की हेरोइन पकड़वाया. जब इस मामले में जांच हुई तो पूरा खुलासा हुआ है. दूसरी ओर करोड़ों की हेरोइन पकड़े जाने के बाद पुलिस और सुरक्षा बलों ने गहन जांच शुरू कर दी है. पुलिस का मानना है कि इसके तार पाकिस्तान से जुड़े हो सकते हैं.
दरअसल, बीकानेर में पूगल के पास बीते मंगलवार (21 अप्रैल) को एक स्कूटी सवार सड़क पर जाते वक्त नीलगाय से टकराकर कर गिर गया. वहीं स्कूटी सवार गिरते ही बेहोश हो गया. घटना की सूचना पुलिस को दी गई. मौके पर पुलिस पहुंचकर घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया फिर उसे बीकानेर रेफर किया गया.
तलाशी में हुआ खुलासा
दिलचस्प बात यह है कि घायल युवक के स्कूटी की जब तलाशी ली गई तो उससे 14 किलो हेरोइन बरामद हुई, जिसे उसने छिपा रखी थी. बताया जा रहा है कि इस हेरोइन की कीमत बाजार में 70 करोड़ रुपये आंकी गई. एसपी मृदुल कच्छावा ने बताया कि प्रथमदृष्ट्या जांच में सामने आया है कि यह खेप खाजूवाला बॉर्डर क्षेत्र में पाकिस्तानी ड्रोन के जरिए गिराई जानी हो सकती है. हादसे में घायल युवक की पहचान पाली जिले के सोजत के रेपड़वास निवासी खेताराम के रूप में हुई है. आरोपी अभी बेहोश है होश में आने के बाद तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है.अस्पताल में आरोपी को गहन चिकित्सा इकाई के रखा गया. स्थति नाजुक बनी हुई है.
युवक के नाम पर स्कूटी नहीं है रजिस्टर्ड
बताया जा रहा है कि पुलिस को युवक का आधार कार्ड मौके पर मिला है. जबकि स्कूटी किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर्ड है. अब पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को शक है कि इतनी बड़ी मात्रा में हेरोइन लेने के लिए तस्कर अकेला नहीं हो सकता. आशंका है कि उसके साथी आसपास मौजूद रहे होंगे, जो हादसे के बाद फरार हो गए. एजेंसियां ड्रोन के जरिए सप्लाई की पूरी कड़ी और स्थानीय नेटवर्क की जांच में जुट गई हैं.
यह भी पढ़ेंः जयपुर में हाथियों को खिलाया जा रहा तरबूज और ककड़ी, पिलाया जा रहा सत्तू और नारियल पानी