Rajasthan ACB Action: राजस्थान में किसानों के साथ हो रहे खिलवाड़ और सरकारी संरक्षण में चल रहे भ्रष्टाचार का बड़ा खुलासा हुआ है. भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने नकली बीज प्रकरण में राजस्थान राज्य बीज निगम के निदेशक जुगल किशोर बिश्नोई के ठिकानों पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की है. इस मामले में अब तक 2 करोड़ 44 लाख रुपये की अवैध नकदी बरामद की जा चुकी है और एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल राज्य सरकार प्रदेश के किसानों को प्रमाणित और गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. इसी कड़ी में हाल ही में गजराज ब्रांड के मूंगफली बीजों के गोदाम पर छापे मारे गए थे और बीजों की बिक्री पर रोक लगा दी गई थी. जांच में पता चला कि किरण कापड़िया की इस कंपनी के खिलाफ की गई कार्रवाई को दबाने और गोदाम से नकली बीज वापस गुजरात भिजवाने के लिए भारी रिश्वत दी गई थी.
घर और बस में मिले करोड़ों रुपये.
ऐसे पकड़े गए आरोपी
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जुगल किशोर बिश्नोई ने इस मामले को रफा-दफा करने के लिए किरण कापड़िया से 1 करोड़ 20 लाख रुपये और अन्य माध्यमों से 60 लाख रुपये की रिश्वत ली थी. एसीबी को गुप्त सूचना मिली कि जुगल किशोर अपने भांजे स्वतंत्र बिश्नोई के जरिए 90 लाख रुपये की बड़ी रकम गंगानगर भिजवा रहे हैं. एसीबी ने तत्परता दिखाते हुए लूणकरणसर में बस को रुकवाया और तलाशी के दौरान स्वतंत्र बिश्नोई को 85 लाख रुपये नकद के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया.
जांच का दायरा बढ़ा
इसके बाद निदेशक जुगल किशोर के घर पर भी सर्च की गई जहां से 1 करोड़ 59 लाख रुपये की नकदी और मिली. फिलहाल एसीबी ने निदेशक जुगल किशोर बिश्नोई और प्रोपराइटर किरण कापड़िया सहित छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. आरोपियों ने प्रयोगशाला में सैंपल पास करवाने और अवैध बीजों की बिक्री फिर से शुरू करवाने के लिए कई अधिकारियों से सांठगांठ की थी. अब एसीबी इस पूरे रैकेट के पीछे के अन्य चेहरों को बेनकाब करने में जुटी है.
यह भी पढ़ें- राजस्थान में करप्शन पर एक्शन, 26 अफसर बर्खास्त और 1 IAS समेत 435 सस्पेंड; 28 की आजीवन पेंशन बंद