विज्ञापन
This Article is From Oct 17, 2025

Anta Assembly Byelection: अंता से बीजेपी टिकट के लिए ले लिए 38 हजार! मोरपाल सुमन को लगा था ठगों ने लगा दिया चूना

मोरपाल मीणा के साथ अंता से बीजेपी टिकट देने के नाम पर कथित रूप से ठगी होने की एक घटना हुई जिसकी मीडिया में काफी चर्चा हुई थी.

Anta Assembly Byelection: अंता से बीजेपी टिकट के लिए ले लिए 38 हजार! मोरपाल सुमन को लगा था ठगों ने लगा दिया चूना
बीजेपी ने मोरपाल सुमन को अंता से उपचुनाव के लिए टिकट दिया है
Facebook

राजस्थान में अंता विधानसभा उपचुनाव के लिए बीजेपी ने अपना उम्मीदवार घोषित करने में लंबा इंतज़ार करवाया. अंता विधानसभा सीट पर 11 नवंबर को मतदान होना है. उपचुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तारीख 21 अक्टूबर है. बीजेपी की मुख्य विरोधी कांग्रेस ने पहले ही अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया था. प्रमोद जैन भाया (Pramod Jain Bhaya) ने कांग्रेस के टिकट पर नामांकन के पहले ही दिन 13 अक्टूबर को पर्चा दाखिल कर दिया. इससे एक दिन बाद निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में  नरेश मीणा (Naresh Meena) ने भी 14 अक्टूबर को नामांकन किया था. ऐसे में सभी को इंतजार था कि बीजेपी किसे टिकट देगी.

ऐसे माहौल में कई नामों को लेकर अटकलें चलने लगीं. इनमें एक नाम मोरपाल सुमन का भी आया था जिन्हें बीजेपी ने अंता से मैदान में उतारा है. लेकिन मोरपाल सुमन के पास कुछ ही दिन पहले एक घटना हुई थी जिससे उन्हें लगा कि वह ठगी का शिकार हो गए हैं.

मोरपाल मीणा ने कॉल के बाद दिए 38 हजार रुपये

मोरपाल मीणा के साथ बीजेपी टिकट देने के नाम पर कथित रूप से ठगी होने की एक घटना हुई जिसकी मीडिया में काफी चर्चा हुई थी. बारां की पंचायत समिति के प्रधान मोरपाल मीणा के पास रविवार, 12 अक्टूबर को एक फोन कॉल आया जिसमें कॉल करनेवाले व्यक्ति ने खुद को बीजेपी के दिल्ली मुख्यालय  का पदाधिकारी बताया. उसने कहा कि अंता उपचुनाव के लिए उन्हें टिकट देने का फैसला हुआ है.

इसके बाद उसने कहा कि नामांकन के लिए दस्तावेज तैयार करवाने होंगे जिसके लिए 38 हजार रुपये जमा करवाने होंगे. यह सुनकर उत्साह में आकर सुमन ने अपने बेटे की मदद लेकर बताए गए बैंक अकाउंट में 38 हजार रुपये जमा करवा दिए.

Latest and Breaking News on NDTV

बारां की पंचायत समिति के प्रधान मोरपाल सुमन (पगड़ी में) के पास फोन आया था

बीजेपी जिला अध्यक्ष को फोन किया तो हुआ शक

लेकिन थोड़ी देर बाद उन्होंने बारां के बीजेपी जिला अध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार को फोन किया तब उन्हें लगा कि उनके साथ ऑनलाइन ठगी हो गई है. मोरपाल सुमन ने जब बीजेपी जिला अध्यक्ष को फोन कर बताया कि उन्होंने दिल्ली बीजेपी ऑफिस से फोन आने के बाद पैसे डाल दिए हैं. तब नरेश सिकरवार को समझ आया कि कथित ठगों ने उन्हें भी गुमराह कर दिया.

जिला अध्यक्ष सिकरवार ने बताया कि रविवार सुबह उनके पास भी दिल्ली से एक व्यक्ति का फोन आया था, जिसने संभावित प्रत्याशियों के नाम और फोन नंबर मांगे थे. इसके बाद उन्होंने कुछ लोगों के नाम और नंबर दे दिए जिनमें बारां के पंचायत प्रधान मोरपाल सुमन का भी नंबर था. इसके बाद ही ठगों ने सुमन को कॉल किया.

साइबर पुलिस में की शिकायत

ठगी का पता चलने के बाद मोरपाल सुमन ने बारां के साइबर पुलिस थाने में जाकर रिपोर्ट दर्ज करवाई. लेकिन अब अंता से जब मोरपाल मीणा को सच में बीजेपी ने टिकट दे दिया है तो यह एक रहस्य बन गया है कि क्या वाकई मोरपाल सुमन ऑनलाइन ठगी का शिकार हुए थे या उनके पास सच में बीजेपी मुख्यालय से किसी ने फोन किया था.

ये भी पढ़ें-: अंता उपचुनाव: BJP ने खेला 'स्थानीयता' और 'जाति' का दांव, पंचायत प्रधान मोरपाल सुमन को बनाया उम्मीदवार

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close