Nitin Nabin: जयपुर में भारतीय जनता पार्टी की अहम बैठकों में संगठन को लेकर स्पष्ट रणनीति सामने आई. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रदेश पदाधिकारियों के साथ संवाद करते हुए संगठन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया. नितिन नवीन ने कहा कि उनके इस दौरे में संगठन की बैठक सबसे अहम रही. उन्होंने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से मेहनत करने का आह्वान करते हुए कहा कि मेहनती व्यक्ति का भाग्य भी उसका साथ देता है. नवीन ने कहा कि भाग्य महत्वपूर्ण है लेकिन पुरुषार्थ के बिना कुछ नहीं हो सकता. उन्होंने यह भी कहा कि संगठन मजबूत रहेगा तो पार्टी हर स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करेगी. साथ ही कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए स्वागत के लिए आभार जताया.
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने संगठन के विचारों को आमजन तक पहुंचाने और संगठन विस्तार पर विशेष ध्यान देने की बात कही. उन्होंने संकेत दिए कि आने वाले समय में उनका तीन दिवसीय विस्तृत दौरा प्रस्तावित हो सकता है, जिसमें पदाधिकारियों के साथ वन-टू-वन संवाद भी होगा.
संगठन में सक्रिय रूप से मेहनत करें
अपने संबोधन में नितिन नवीन ने पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि वे संगठन में सक्रिय रूप से मेहनत करें, इससे न केवल उनका व्यक्तिगत पहचान बनेगी बल्कि पार्टी का काम भी आगे बढ़ेगा. उन्होंने प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों को ज्यादा से ज्यादा प्रवास करने को कहा. इन प्रवासों के दौरान पुराने नेताओं, पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात करने, स्थानीय माहौल की जानकारी लेने और संगठन के कामकाज की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए.
उन्होंने यह भी कहा कि प्रवास के दौरान सरकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाए और जमीनी फीडबैक लेकर संगठन को और मजबूत किया जाए.
इसी कड़ी में बीजेपी कोर ग्रुप की बैठक भी आयोजित की गई. नितिन नवीन की अध्यक्षता में हुए बैठक में सीएम भजन लाल शर्मा, प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, प्रदेश प्रभारी डॉ राधा मोहनदास अग्रवाल, डिप्टी सीएम दिया कुमारी, डॉ. प्रेमचंद बैरवा, बीजेपी की राष्ट्रीय मंत्री अलका गुर्जर, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी, सतीश पूनिया, अशोक परनामी, सीपी जोशी, पूर्व सीएम वसुंधरा राजे, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और भागीरथ चौधरी भी मौजूद रहे.
यह भी पढ़ेंः 'राजस्थान में 5 साल कांग्रेस, 5 साल भाजपा का टूटेगा मिथक' BJP अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को दिया टारेगट