Rajasthan Politics: संगठन, चुनाव रणनीति... नितिन नवीन का राजस्थान दौरा क्यों है खास, बीजेपी का आगे क्या प्लान?

नितिन नवीन  टोंक कार्यक्रम के जरिए कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का मंत्र देंगे और आगामी चुनावों के लिए तैयार रहने का संदेश भी देंगे. माना जा रहा है कि वे चुनावी रणनीति की रूपरेखा भी साफ करेंगे.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
नितिन नवीन का राजस्थान दौरा क्यों है खास

Rajasthan News: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष  नितिन नवीन अपने राजस्थान के पहले दौरे की शुरुआत कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश के कद्दावर नेता सचिन पायलट के गढ़ टोंक से करने जा रहे हैं. जयपुर पहुंचने के बाद वे सीधे टोंक रवाना होंगे, जहां से पूरे प्रदेश के पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूत करने का संदेश देंगे. राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका पहला राजस्थान दौरा है, लेकिन इसकी असली अहमियत टोंक के चयन में देखी जा रही है. टोंक से दौरे की शुरुआत को महज औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक सोची-समझी राजनीतिक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है. पायलट के प्रभाव वाले क्षेत्र से शुरुआत कर भाजपा पूर्वी राजस्थान में अपनी पकड़ मजबूत करने का स्पष्ट संदेश देना चाहती है.

जमीनी ढांचे को मजबूती करने की दिशा में कदम

टोंक में वे जिला भाजपा कार्यालय का उद्घाटन करेंगे. इसके साथ ही बूंदी, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, चूरू, पाली और बाड़मेर में नए पार्टी कार्यालयों का वर्चुअल उद्घाटन और जालौर में कार्यालय का शिलान्यास भी किया जाएगा. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे. इसे संगठन विस्तार और जमीनी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है. इस पूरे दौरे का सबसे अहम राजनीतिक संदेश टोंक के चयन में ही छिपा है.

Advertisement

टोंक विधानसभा को सचिन पायलट का मजबूत गढ़ माना जाता है. ऐसे में भाजपा का यहां शक्ति प्रदर्शन करना सीधे तौर पर कांग्रेस के प्रभाव क्षेत्र में एंट्री के रूप में देखा जा रहा है. पार्टी यह संकेत देना चाहती है कि अब वह केवल अपने पारंपरिक मजबूत इलाकों तक सीमित नहीं है, बल्कि विपक्ष के गढ़ों में भी आक्रामक तरीके से उतरने की रणनीति पर काम कर रही है. पूर्वी राजस्थान की सियासत के लिहाज से भी यह दौरा बेहद अहम है.

भरतपुर, करौली, सवाई माधोपुर, धौलपुर और दौसा जैसे पांच प्रमुख जिलों में 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 13 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस 8 सीटों पर सिमट गई और एक सीट निर्दलीय के खाते में गई.

बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को देंगे संदेश

2018 के मुकाबले भाजपा ने इस क्षेत्र में अपनी स्थिति मजबूत की है, जबकि कांग्रेस की पकड़ कमजोर हुई है. ऐसे में टोंक से शुरुआत भाजपा के बढ़ते आत्मविश्वास और विस्तार की रणनीति को दर्शाती है. टोंक कार्यक्रम के जरिए  नितिन नवीन कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का मंत्र देंगे और आगामी चुनावों के लिए तैयार रहने का संदेश भी देंगे. माना जा रहा है कि वे चुनावी रणनीति की रूपरेखा भी साफ करेंगे.

टोंक कार्यक्रम के बाद वे जयपुर लौटेंगे, जहां एयरपोर्ट से लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय तक उनका भव्य स्वागत किया जाएगा. शहर के कई प्रमुख स्थानों पर कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया जाएगा, युवा मोर्चा बाइक रैली के जरिए काफिले की अगुवाई करेगा और महिला मोर्चा पारंपरिक कलश के साथ अगुवाई करेगी. 

प्रदेश कार्यालय पहुंचने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष पार्टी पदाधिकारियों और कोर कमेटी की बैठक लेंगे, जिसमें संगठनात्मक मजबूती और चुनावी रणनीति पर चर्चा होगी. इसके बाद वे रात में दिल्ली के लिए रवाना होंगे. कुल मिलाकर पायलट के गढ़ टोंक से भाजपा का यह आगाज केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पूर्वी राजस्थान में अपनी बढ़त को और मजबूत करने, संगठन को धार देने और कांग्रेस को सीधी चुनौती देने की व्यापक रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है.

Advertisement

यह भी पढे़ं- वसुंधरा राजे के न लिखे हुए खत पर मचा बवाल, इतना क्यों आहत है बीजेपी नेतृत्व