विज्ञापन
This Article is From Apr 15, 2026

दूध कारोबार में तरक्की देख साथी व्यापारी को होने लगी जलन, 1 लाख की सुपारी देकर मुंबई से बुलाया शूटर और फिर...

उदयपुर में दूध के धंधे की लड़ाई खूनी खेल में बदल गई. एक दूधवाले ने दूसरे की तरक्की से जलकर उसे रास्ते से हटाने के लिए 1 लाख की सुपारी दे दी. पुलिस ने अब इस गुत्थी को सुलझाते हुए खुलासा कर दिया है. पढ़ें पूरी खबर.

दूध कारोबार में तरक्की देख साथी व्यापारी को होने लगी जलन, 1 लाख की सुपारी देकर मुंबई से बुलाया शूटर और फिर...
तरक्की से जलकर बन गया कातिल: दूध के धंधे में भारी पड़ा कंपटीशन, तो दोस्त के जरिए बदमाशों को दी 1 लाख की सुपारी
NDTV Reporter

Udaipur News: राजस्थान के उदयपुर जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे सुनकर आप दंग रह जाएंगे. यहां कोई पुरानी रंजिश या दुश्मनी नहीं थी, बल्कि सिर्फ 'धंधे की जलन' ने एक इंसान को अपराधी बना दिया. गोगुंदा पुलिस ने बुजुर्ग दूध व्यापारी शंकर लाल पर हुए जानलेवा हमले का बुधवार को खुलासा करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है. इस पूरी कहानी में हमले का मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि शंकर लाल का ही एक साथी दूध व्यापारी लक्ष्मण सिंह निकला.

दूध के व्यापार ने पैदा की जलन

शंकर लाल और लक्ष्मण सिंह, दोनों का काम एक ही था, गांवों में घूम-घूमकर दूध सप्लाई करना. पिछले कुछ समय से शंकर लाल का काम बहुत अच्छा चलने लगा था और उनके ग्राहकों की संख्या बढ़ती जा रही थी. बस यही बात लक्ष्मण को चुभने लगी. उसे लगा कि अगर शंकर ऐसे ही आगे बढ़ता रहा, तो उसका धंधा चौपट हो जाएगा. इसी 'कंपटीशन' को खत्म करने के लिए लक्ष्मण ने सीधा शंकर को ही दुनिया से हटाने का मन बना लिया.

मुंबई से बुलाए गुंडे, 1 लाख की दी सुपारी

लक्ष्मण ने खुद हाथ गंदे करने के बजाय सुपारी देने का रास्ता चुना. उसने मुंबई में रह रहे अपने दोस्त मनीष को फोन किया. मनीष के जरिए भाड़े के बदमाशों से संपर्क हुआ और शंकर की जान लेने के लिए 1 लाख रुपये का सौदा तय हुआ. लक्ष्मण ने बदमाशों को बाकायदा शंकर का चेहरा दिखाया और उनके आने-जाने के रास्तों की रेकी करवाई. 

पीठ में चाकू लेकर अस्पताल पहुंचे थे बुजुर्ग

2 अप्रैल की सुबह जब शंकर लाल हमेशा की तरह अपनी बाइक पर दूध लेकर निकल रहे थे, तभी तीन बदमाशों ने उन्हें घेर लिया. बदमाशों ने चाकू से उन पर ताबड़तोड़ हमला किया. हमला इतना जोरदार था कि एक चाकू तो शंकर की पीठ में ही फंस गया. बदमाश उन्हें मरा हुआ समझकर वहां से भाग निकले. लेकिन किस्मत अच्छी थी कि वहां से गुजर रहे लोगों ने शंकर को देखा और तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जिससे उनकी जान बच गई.

100 कैमरों की फुटेज ने पहुंचाया जेल

पुलिस के लिए यह मामला ब्लाइंड क्राइम अंधा कत्ल जैसा था, लेकिन टीम ने हार नहीं मानी. पुलिस ने पूरे इलाके के करीब 100 सीसीटीवी कैमरों को चेक किया. कड़ी से कड़ी जुड़ती गई और आखिरकार पुलिस की नजर लक्ष्मण सिंह पर टिक गई. कड़ाई से पूछताछ हुई तो सारा सच सामने आ गया. 

पुलिस ने लक्ष्मण और उसके एक साथी टीकम चंद को पकड़ लिया है. अब पुलिस को उन तीन बदमाशों और मुंबई वाले दोस्त की तलाश है जो फिलहाल फरार हैं.

ये भी पढ़ें:- 'पापा को मत ले जाओ...', रावतभाटा में अतिक्रमण हटाने के दौरान पिता के पैरों से लिपटकर रोता रहा मासूम

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com