डीग के जनूथर थाना क्षेत्र के शीशवाड़ा गांव में रविवार देर रात सड़क हादसे ने परिवार को झकझोर कर रख दिया. एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे जा रही महिला, और उनकी 3 साल की भतीजी को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी ताई गंभीर रूप से घायल हो गई.
परचून की दुकान पर गई थी महिला
हादसा रविवार रात करीब 9 बजे हुआ है. शीशवाड़ा निवासी 32 वर्षीय रजनी अपनी 3 वर्षीय भतीजी कनक को गोद में लेकर घर के पास ही स्थित एक परचून की दुकान से सामान लेने गई थीं. सामान लेकर वापस लौटते समय, एक कार ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी.
टक्कर के बाद दूर जाकर गिरी महिला
टक्कर इतनी भीषण थी कि कनक रजनी की गोद से छिटक कर दूर जा गिरी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. रजनी को भी गंभीर चोटें आई हैं. स्थानीय लोगों और परिजनों ने तुरंत दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने कनक को मृत घोषित कर दिया. रजनी की चिंताजनक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें तुरंत हायर सेंटर रेफर किया गया है.
टक्कर मारने के बाद कार ड्राइवर फरार
हादसे की सूचना पर जनूथर थाने के ASI रणवीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार को कब्जे में ले लिया है. एएसआई ने बताया कि कार चालक मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश के लिए टीमें भेजी गई है. सोमवार को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद बच्ची का शव परिजनों को सौंप दिया गया है. इस घटना के बाद से शीशवाड़ा गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
यह भी पढ़ें: अयातुल्ला अली खामेनेई को मौत के 50 दिनों बाद भी ईरान ने क्यों नहीं दफनाया? जानें एक्सपर्ट ने क्या बताया कारण