विज्ञापन
This Article is From Jul 13, 2024

स्पीकर ओम बिरला की IAS बेटी को लेकर यूट्यूबर ध्रुव राठी पर केस दर्ज, जानिए क्या है पूरा मामला

FIR on Youtuber Dhruv Rathee: लोकसभा स्पीकर ओम बिरला की IAS बेटी अंजलि बिरला को लेकर यूट्यूबर ध्रुव राठी पर केस दर्ज किया गया है. आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला.

स्पीकर ओम बिरला की IAS बेटी को लेकर यूट्यूबर ध्रुव राठी पर केस दर्ज, जानिए क्या है पूरा मामला
यूट्यूबर ध्रुव राठी और लोकसभा स्पीकर ओम बिरला अपनी बेटी अंजलि के साथ.
NDTV

FIR on Youtuber Dhruv Rathee: कोटा-बूंदी लोकसभा सीट के सांसद ओम बिरला के दूसरी बार लोकसभा स्पीकर बनने के बाद अचानक उनकी IAS बेटी अंजलि बिरला चर्चा में आई थी. चर्चा अंजलि के यूपीएससी पास करने को लेकर हुई थी. सोशल मीडिया पर कई लोगों ने यह दावा किया था कि बिना परीक्षा दिए ही सांसद की बेटी ने यूपीएससी पास कर लिया. अब इस मामले में यूट्यूबर ध्रुव राठी पर केस दर्ज किया गया है. दरअसल यूट्यूबर ध्रुव राठी (Youtuber Dhruv Rathee) के खिलाफ महाराष्ट्र पुलिस ने FIR दर्ज की है. 

ध्रुव पर ये केस उनके नाम से सोशल मीडिया मंच X पर चल रहे एक पैरोडी अकाउंट से किए गए एक ट्वीट को लेकर हुई है. आरोप है कि इस ट्वीट में लोकसभा स्पीकर ओम बिरला की बेटी अंजलि बिरला को लेकर झूठ फैलाया गया. हालांकि इस मामले में अभी तक ध्रुव राठी की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. 

दरअसल सोशल मीडिया मंच एक्स पर ध्रुव राठी के नाम से चलने वाले पैरोडी अकाउंट से अंजलि बिरला के यूपीएससी क्लियर करने को लेकर बीते दिनों एक ट्वीट किया गया था. इस अकाउंट का नाम Dhruv Rathee (Parody) है और इसका हैंडल @dhruvrahtee है. इस अकाउंट के 81.4 K फॉलोअर्स हैं. पैरोडी अकाउंट के बायो में लिखा है कि यह ध्रुव राठी का फैन और पैरोडी अकाउंट है. इसका ध्रुव राठी के ओरिजनल अकाउंट से कोई संबंध नहीं है. 

महाराष्ट्र नोडल साइबर पुलिस ने दर्ज की शिकायत

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला की बेटी अंजलि के बारे में ध्रुव राठी के पैरोठी अकाउंट से किए गए पोस्ट के मामले में महाराष्ट्र नोडल साइबर पुलिस की तरफ से 10 जुलाई को ध्रुव राठी के ऊपर एक FIR दर्ज की गई. ध्रुव राठी पर यह FIR ओम बिरला के परिवार के सदस्य की तरफ से दी गई शिकायत के बाद दर्ज की गई है. मामले में पुलिस ने जांच भी शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर जिस X अकाउंट से ट्वीट किया गया है क्या वह ध्रुव राठी का ही है? क्या उस अकाउंट को वो ही चलाते हैं?

ओम बिरला के किसी परिजन की शिकायत पर केस दर्ज

मामले में किए गए पुलिस शिकायत में कहा गया है कि इस विवादित X पोस्ट में अंजलि बिरला के यूपीएससी परीक्षा को क्लियर करने को लेकर सवाल उठाया गया है. इसमें कहा गया है कि अंजलि ने बिना परीक्षा दिए ही एग्जाम क्लियर किया. जबकि सच ये है कि अंजलि ने 2019 में अपने पहले अटेंप्ट में ही यूपीएससी क्लियर किया था. शिकायत में कहा गया है कि इसके बावजूद ध्रुव राठी ने पोस्ट कर अंजलि की बदनामी की और बिना अनुमति के उनका फोटो भी इस्तेमाल किया. इस मामले में ध्रुव राठी पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में मानहानि, देश की अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर छवि खराब करने, शांति भंग करने और IT एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. 

FIR के बाद पैरोडी अकाउंट से मांगी माफी

दूसरी ओर FIR दर्ज होने के बाद ध्रुव राठी के पैरोडी अकाउंट से ट्वीट कर मामले पर माफी मांगी गई है. माफीनामे में लिखा गया है, 'महाराष्ट्र साइबर सेल द्वारा जैसा निर्देशित किया गया है, मैंने अंजलि बिरला पर अपने सभी पोस्ट और टिप्पणियां हटा दी हैं. मैं माफी मांगना चाहूंगा क्योंकि मैं तथ्यों से अनजान था और किसी और के ट्वीट की कॉपी कर इसे साझा किया था.'

आखिर क्या लिखा था विवादित ट्वीट में?

ओम बिरला की बेटी अंजलि के यूपीएससी पास करने पर सवाल उठाते हुए ध्रुव राठी के पैरोडी अकाउंट से लिखा गया था, ‘भारत एकमात्र देश है जहां बिना परीक्षा में बैठे यूपीएससी पास कर सकते हैं. लेकिन इसके लिए आपको लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की बेटी के रूप में जन्म लेना होगा. ओम बिरला की बेटी ने बिना कोई परीक्षा दिए यूपीएससी पास कर ली है, वह पेशे से एक मॉडल हैं. मोदी सरकार हमारी शिक्षा प्रणाली का मजाक उड़ा रही है.'

यह भी पढ़ें - ओम बिरला की IAS बेटी पर क्यों उठ रहे सवाल? पहले अटेम्प्ट में पास की थी परीक्षा

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com