CBSE Board Exam 2026: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 17 फरवरी 2026 से शुरू होने जा रही 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं के लिए अपनी कमर कस ली है. इस बार बोर्ड ने परीक्षा केंद्र पर पहुंचने के समय से लेकर उत्तर पुस्तिका लिखने तक के नियमों में कड़े बदलाव किए हैं. भारत और विदेशों में फैले CBSE स्कूलों के 46 लाख से अधिक छात्रों के लिए यह परीक्षा बेहद अहम है, क्योंकि बोर्ड ने इस साल 'डिजिटल मूल्यांकन' जैसे बड़े सुधारों की शुरुआत की है. छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे बोर्ड द्वारा जारी की गई नई गाइडलाइंस का पालन करें.
परीक्षा समय और ट्रैफिक एडवाइजरी
CBSE ने छात्रों को सचेत किया है कि परीक्षा के दिनों में राष्ट्रीय/अंतर्राष्ट्रीय कार्यक्रमों या अन्य कारणों से ट्रैफिक जाम की स्थिति हो सकती है.
- परीक्षा शुरू होने का समय: सुबह 10:30 बजे.
- रिपोर्टिंग समय: छात्रों को सुबह 10:00 बजे या उससे पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा.
- विशेष नोट: 10:00 बजे के बाद किसी भी छात्र को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी.
- सलाह: छात्र अपने घर से समय पर निकलें और ट्रैफिक, मौसम और दूरी का आकलन पहले ही कर लें.
क्रांतिकारी बदलाव: कक्षा 12वीं में 'ऑन-स्क्रीन मार्किंग' (OSM)
CBSE 2026 से कक्षा 12वीं की परीक्षाओं के लिए मूल्यांकन प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल कर रहा है. इसके तहत शिक्षकों को आंसर शीट की स्कैन की गई प्रतियां कंप्यूटर स्क्रीन पर दिखाई देंगी और वे डिजिटल रूप से जांच करेंगे. क्योंकि अंकों की गणना सॉफ्टवेयर द्वारा स्वचालित रूप से की जाएगी, इसलिए 'टोटलिंग एरर' (नंबर जोड़ने की गलती) की कोई गुंजाइश नहीं रहेगी. परिणामस्वरूप, रिजल्ट के बाद वेरिफिकेशन की आवश्यकता नहीं होगी. शिक्षक अपने स्कूलों में रहकर ही मूल्यांकन कर सकेंगे, जिससे उन्हें यात्रा नहीं करनी पड़ेगी.
कक्षा 10वीं के लिए विशेष गाइडलाइन, सेक्शन बांटना अनिवार्य
कक्षा 10वीं की परीक्षाओं के लिए मूल्यांकन अभी भी पारंपरिक फिजिकल मोड में ही होगा, लेकिन उत्तर पुस्तिका लिखने के तरीके में बड़ा बदलाव है. विज्ञान (Science) और सामाजिक विज्ञान (Social Science) के पेपर में उत्तर पुस्तिका को सेक्शन के अनुसार बांटना होगा.
- विज्ञान: आंसर बुक को 3 सेक्शन (A, B, C) में बांटें.
- सामाजिक विज्ञान: आंसर बुक को 4 सेक्शन (A, B, C, D) में बांटें.
- स्पेस लिमिट: उत्तर केवल उसी सेक्शन के लिए निर्धारित स्थान पर लिखें.
- मिक्सिंग पर पेनल्टी: यदि आप किसी अन्य सेक्शन के उत्तर को किसी और सेक्शन में मिक्स करते हैं, तो उन उत्तरों का मूल्यांकन नहीं किया जाएगा और शून्य अंक दिए जाएंगे.
स्कूलों के लिए निर्देश: OASIS पोर्टल अपडेट
CBSE ने सभी स्कूलों को 13 फरवरी 2026 की समय सीमा तक OASIS पोर्टल पर कक्षा 11वीं और 12वीं पढ़ाने वाले सभी शिक्षकों का डेटा अपडेट करने का निर्देश दिया था. इसमें शिक्षकों का नाम, विषय, अनुभव, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी शामिल है. ऐसा न करने पर स्कूल का परिणाम घोषित नहीं किया जा सकता है या अन्य दंडात्मक कार्रवाई की जा सकती है.
स्कूलों को करनी होगी ये तकनीकी तैयारी
- पब्लिक स्टैटिक आईपी के साथ कंप्यूटर लैब.
- Windows 8 या उससे ऊपर का ऑपरेटिंग सिस्टम.
- न्यूनतम 2 Mbps इंटरनेट कनेक्टिविटी.
- अबाधित बिजली आपूर्ति (Uninterrupted Power Supply).
ये भी पढ़ें:- राजस्थान स्टेट ओपन स्कूल का रिजल्ट जारी, 10वीं में 50 और 12वीं में 46 फीसदी छात्र सफल
LIVE TV देखें