विज्ञापन

पहली बार मीटिंग लेने PHQ आ रहे हैं CM भजनलाल, पेंडिंग फाइलों का खुलेगा पिटारा; कानून-व्यवस्था का होगा 'पोस्टमार्टम'

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शुक्रवार को पहली बार राजस्थान पुलिस मुख्यालय (PHQ) में अधिकारियों की बड़ी बैठक लेंगे. इस बैठक में गृह राज्य मंत्री, मुख्य सचिव और डीजीपी सहित आला अफसर मौजूद रहेंगे.

पहली बार मीटिंग लेने PHQ आ रहे हैं CM भजनलाल, पेंडिंग फाइलों का खुलेगा पिटारा; कानून-व्यवस्था का होगा 'पोस्टमार्टम'
जयपुर: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय में लेंगे पहली समीक्षा बैठक, कानून-व्यवस्था पर होगी चर्चा.
NDTV Reporter

Jaipur News: राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (Bhajanlal Sharma) शुक्रवार को पहली बार राजस्थान पुलिस मुख्यालय (PHQ) पहुंचेंगे. मुख्यमंत्री यहां प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक लेंगे. इस बैठक की खास बात यह है कि इसमें गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम, मुख्य सचिव वी श्रीनिवास और डीजीपी राजीव कुमार शर्मा समेत पुलिस महकमे के सभी बड़े अधिकारी एक साथ मौजूद रहेंगे. सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री की पुलिस मुख्यालय में यह पहली औपचारिक बैठक है, जिसे सुरक्षा की दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है.

इन मुद्दों पर रहेगी मुख्यमंत्री की पैनी नजर

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री प्रदेश में बढ़ते अपराधों और कानून-व्यवस्था की मौजूदा स्थिति की समीक्षा करेंगे. इसमें जिलेवार अपराधों की स्थिति, बढ़ते साइबर क्राइम, महिला सुरक्षा और लंबित पड़े मुकदमों पर विस्तार से चर्चा होगी. साथ ही, बजट में पुलिस विभाग के लिए की गई घोषणाओं को अब तक कितना लागू किया गया है और आम जनता की शिकायतों का कितनी जल्दी निपटारा हो रहा है, इसकी भी रिपोर्ट मुख्यमंत्री के सामने रखी जाएगी.

ऑनलाइन भी जुड़ेंगे प्रदेश भर के अफसर

मुख्यालय में होने वाली इस बैठक में डीजी (DG), एडीजी (ADG), आईजी (IG) और एसपी (SP) रैंक के अधिकारी तो फिजिकल तौर पर मौजूद रहेंगे ही, साथ ही जयपुर पुलिस कमिश्नर भी इसमें शामिल होंगे. वहीं, प्रदेश के अन्य जिलों के अधिकारी जैसे रेंज आईजी, जोधपुर पुलिस कमिश्नर और सभी जिलों के एसपी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के जरिए इस बैठक से जुड़ेंगे. इसका मतलब है कि मुख्यमंत्री एक साथ पूरे राजस्थान की पुलिस व्यवस्था की नब्ज टटोलेंगे.

अपराध रोकने के लिए मिल सकते हैं सख्त निर्देश

समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पुलिस अधिकारियों को अपराधों की रोकथाम के लिए नए और सख्त दिशा-निर्देश भी दे सकते हैं. सरकार का मुख्य लक्ष्य राजस्थान को अपराध मुक्त बनाना और आम जनता के बीच पुलिस का विश्वास बढ़ाना है. माना जा रहा है कि बैठक के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली में कुछ बड़े बदलाव या विशेष अभियानों की घोषणा भी हो सकती है.

ये भी पढ़ें:- अजमेर में गाय को दे दिया जहर? दो गुटों में मारपीट, थाने तक पहुंचा मामला; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close