विज्ञापन
This Article is From Apr 09, 2026

अजमेर में गाय को दे दिया जहर? दो गुटों में मारपीट, थाने तक पहुंचा मामला; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

अजमेर के सुंदर विलास इलाके में एक गाय की मौत के बाद दो पड़ोसी गुट आपस में भिड़ गए. गुर्जर परिवार ने जहर देने का आरोप लगाया, जबकि दूसरे पक्ष ने रास्ते में अतिक्रमण की बात कही. मामला बढ़ने पर चार थानों की पुलिस ने मोर्चा संभाला. पढ़ें पूरी खबर.

अजमेर में गाय को दे दिया जहर? दो गुटों में मारपीट, थाने तक पहुंचा मामला; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
अजमेर: गाय की मौत को लेकर दो पड़ोसियों में विवाद, थाने में जमकर हुआ हंगामा, पुलिस बल तैनात
NDTV Reporter

Ajmer News: राजस्थान के अजमेर जिले के सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के सुंदर विलास इलाके में बुधवार रात उस समय विवाद हो गया जब एक पालतू दुधारू गाय की अचानक मौत हो गई. गाय के मालिक बबली गुर्जर और अनिल गुर्जर ने अपने पड़ोस में रहने वाले निक्की और पप्पू शर्मा के परिवार पर बेहद गंभीर आरोप लगाए. गुर्जर परिवार का कहना है कि उनकी गाय पूरी तरह स्वस्थ थी, लेकिन आपसी रंजिश के चलते पड़ोसियों ने उसे जहर देकर मार डाला. इस आरोप के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते दोनों पक्षों के समर्थक मौके पर जमा हो गए, जिससे माहौल गरमा गया.

गली का विवाद मारपीट में बदला

दूसरी ओर, आरोपी पक्ष का कहना है कि विवाद की असल जड़ गली में अतिक्रमण थी. एडवोकेट अमित पाराशर और शर्मा परिवार के मुताबिक, गुर्जर परिवार के गली में गाय बांधने और पानी के टेंपो खड़े करने से आम लोगों को काफी परेशानी होती थी, जिससे आए दिन सड़क पर हादसे हो रहे थे. इसी बात को लेकर दोनों परिवारों में काफी समय से कहासुनी चल रही थी. बुधवार रात गाय की मौत के बाद यह गुस्सा मारपीट में बदल गया. दोनों गुटों के बीच जमकर हंगामा हुआ और देखते ही देखते मामला थाने तक पहुंच गया, जहां पुलिस के सामने भी दोनों पक्ष एक-दूसरे से भिड़ गए और धक्का-मुक्की करने लगे.

4 थानों की पुलिस ने संभाला मोर्चा

थाने में हंगामे की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. स्थिति को बिगड़ता देख शहर के चार अलग-अलग थानों के प्रभारी भारी पुलिस जाप्ते के साथ सदर कोतवाली पहुंचे. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु जांगिड़ ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया. पुलिस ने साफ किया है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन इलाके में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि दोबारा कोई हिंसक घटना न हो.

अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट खोलेगी मौत का राज

पूरे मामले में सबसे अहम कड़ी अब गाय की पोस्टमार्टम रिपोर्ट है. पुलिस का कहना है कि गाय को जहर दिया गया है या उसकी मौत किसी प्राकृतिक कारण से हुई है, यह रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा. पुलिस फिलहाल दोनों पक्षों के बयानों और आरोपों की गहनता से जांच कर रही है. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने भरोसा दिया है कि कानून को हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और रिपोर्ट के आधार पर ही आगे का केस दर्ज होगा.

ये भी पढ़ें:- राजस्थान में आंधी-बार‍िश के साथ ग‍िरी आकाशीय ब‍िजली, जानें अगले दो द‍िन के मौसम का हाल 

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com