विज्ञापन

आदिवासी परिवार के घर भोजन करने पहुंचे सीएम भजनलाल, किसान-पशुपालकों से किया संवाद

पंसेरी गांव में किसानों से संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के 24 जिलों में किसानों को दिन में बिजली आपूर्ति दी जा रही है और वर्ष 2027 तक यह व्यवस्था पूरे राजस्थान में लागू करने का लक्ष्य है.

आदिवासी परिवार के घर भोजन करने पहुंचे सीएम भजनलाल, किसान-पशुपालकों से किया संवाद
जालोर में आदिवासी के घर भोजन करने पहुंचे सीएम भजनलाल

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार को जालोर जिले के पंसेरी गांव में ग्राम विकास चौपाल कार्यक्रम करने के बाद एक आदिवासी परिवार के घर पहुंचे. इस दौरान मुख्यमंत्री ने पंसेरी गांव में भेमाराम भील के घर पर भोजन किया, जिसकी तस्वीरें भी सामनें आई हैं. भोजन करने के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल की भेमाराम भील के परिवार के साथ आत्मीयता नजर आई. सीएम भजनलाल ने इस दौरान भेमाराम के परिजनों से बातचीत भी की. इससे पहले पंसेरी गांव में चौपाल कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने किसानों से जैविक खेती अपनाने और रासायनिक खाद के इस्तेमाल करने से बचने की अपील की. 

सिंचाई के लिए प्रोजेक्ट पर तेजी से काम

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा पीढ़ी को भी कृषि से जुड़कर इसे रोजगार का साधन बनाना चाहिए. राज्य सरकार प्रदेश को मॉडल स्टेट बनाने के उद्देश्य से काम कर रही है और मुख्यमंत्री विकसित ग्राम-वार्ड अभियान के जरिए हर पंचायत के सुनियोजित विकास का ब्लू प्रिंट तैयार किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि किसानों की सिंचाई जरूरतों को देखते हुए रामजल सेतु लिंक परियोजना के कार्यों को गति दी गई है. यमुना जल समझौता, इंदिरा गांधी नहर परियोजना और गंगनहर के सुदृढ़ीकरण के साथ माही और देवास परियोजनाओं पर भी तेजी से काम हो रहा है.

Latest and Breaking News on NDTV

पूरे राजस्थान में किसानों को दिन में मिलेगी बिजली

मुख्यमंत्री ने कहा कि सोम-कमला-अंबा परियोजना के जरिए जवाई बांध में पानी पहुंचेगा, जिससे जालौर, पाली और सिरोही जिलों को लाभ मिलेगा. प्रदेश के 24 जिलों में किसानों को दिन में बिजली आपूर्ति दी जा रही है और वर्ष 2027 तक यह व्यवस्था पूरे राजस्थान में लागू करने का लक्ष्य है. किसान ड्रिप और स्प्रिंकलर तकनीक से सिंचाई करें और जैविक खेती को बढ़ावा दें. पशुपालकों को गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना और मंगला पशु बीमा योजना का लाभ दिया जा रहा है.

गेहूं खरीद पर किसानों को 150 रुपये प्रति क्विंटल का बोनस

मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक संबल योजना के तहत 5 रुपये प्रति लीटर अनुदान दिया जा रहा है और दुग्ध संकलन केंद्रों की संख्या लगातार बढ़ाई जा रही है. पशुओं के इलाज के लिए मोबाइल यूनिट वैन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है. सीएम भजनलाल शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री किसानों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रहे हैं. किसानों को सम्मान निधि के साथ गेहूं खरीद पर 150 रुपये प्रति क्विंटल बोनस दिया जा रहा है. पीएम फसल बीमा योजना के तहत नुकसान का त्वरित क्लेम भुगतान किया जा रहा है. 

यह भी पढे़ं- राजस्थान में 187 RAS अधिकारियों का तबादला, कई जिलों में बदले SDM, देखें पूरी लिस्ट

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close