नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली की बेटी के विवाह समारोह में महिला संगीत का वीडियो चर्चा में हैं. जयपुर में आयोजित इस समारोह में कैबिनेट मंत्री संजय शर्मा और जूली एक साथ डांस करते दिखे. धुर-विरोधी पार्टी के नेताओं का डांस वीडियो शेयर किया जा रहा है. इस कार्यक्रम में कांग्रेस और भाजपा के कई नेता शामिल हुए थे. लेकिन संजय शर्मा-टीकाराम जूली की जुगलबंदी ने इसलिए भी ध्यान खींचा, क्योंकि दोनों ही अलवर जिले में सियासी तौर पर सक्रिय हैं. संजय शर्मा अलवर शहर विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं. भजनलाल सरकार में वन और पर्यावरण, विद्यान-प्रौद्योगिकी विभाग का जिम्मा संभाल रहे हैं. जबकि टीकाराम जूली को अलवर ग्रामीण से जीतने के बाद पार्टी ने उन्हें नेता प्रतिपक्ष पद की जिम्मेदारी दी.
सदन में जमकर भिड़ते नजर आते हैं दोनों नेता
दोनों ही नेताओं को विधानसभा से लेकर सार्वजनिक मंचों तक अक्सर एक-दूसरे पर सियासी हमले करते हुए देखा जाता है. कई बार तीखी बहस और आरोप-प्रत्यारोप भी चर्चा में रहे हैं. लेकिन, जब जूली के पारिवारिक समारोह में संजय शर्मा पहुंचे तो खूब थिरकते नजर आए. उनका साथ देते हुए जूली ने भी जमकर डांस किया.

लोगों ने बताई सुखद तस्वीर
यूजर्स इसे सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए सियासत के लिए अच्छी तस्वीर बता रहे हैं. वहां मौजूद लोगों का कहना था कि राजनीति अपनी जगह है और आपसी संबंध अपनी जगह, जो इस समारोह में साफ तौर पर दिखा.
यह भी पढ़ेंः तहसीलदार को विधायक से बहस करना पड़ा महंगा, एक्शन मोड में विधानसभा अध्यक्ष