विज्ञापन

'नंगे पांव चलेगा भक्त, एक कंकड़ भी चुभा तो...जवाबदेही होगी, 84 कोस परिक्रमा से पहले कलेक्टर का अल्टीमेटम

डीग में 84 कोस परिक्रमा से पहले कलेक्टर मयंक मनीष खुद मैदान में उतरे. कोथरा से नौनेरा तक पैदल निरीक्षण कर अफसरों को चेताया कि नंगे पांव चलने वाले भक्त को जरा भी परेशानी हुई तो सख्त कार्रवाई तय होगी.

'नंगे पांव चलेगा भक्त, एक कंकड़ भी चुभा तो...जवाबदेही होगी, 84 कोस परिक्रमा से पहले कलेक्टर का अल्टीमेटम
डीग में 84 कोस परिक्रमा से पहले कलेक्टर मयंक मनीष खुद मैदान में उतरेऔर निरीक्षण किया.

Rajasthan News: राजस्थान के डीग जिले में अधिक मास के दौरान होने वाली गिरिराज जी की परिक्रमा 84 कोस परिक्रमा से पहले प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में दिखा. गुरुवार को डीग कलेक्टर मयंक मनीष खुद पैदल परिक्रमा मार्ग पर उतर गए और कोथरा गेट से नौनेरा तक करीब 18 गांवों के रास्ते का बारीकी से निरीक्षण किया. कलेक्टर ने अफसरों को साफ शब्दों में चेताया कि श्रद्धालु नंगे पांव चलेगा और रास्ते में अगर धूल भी उड़ी तो जिम्मेदारी तय होगी.

चप्पे चप्पे पर हुई सख्त जांच

सुबह काफिला कोथरा गेट पहुंचा. इसके बाद सांवई नगला दांदू बहज डीग कस्बा दिदावली नगला महारानिया टाकौली खोह चुल्हेरा अलीपुर पसोपा बरौली धाऊ बिलोंद सतवास पथवारी होते हुए नौनेरा तक पूरे मार्ग को देखा गया. कलेक्टर ने झुके हुए बिजली के पोल को हिलाकर परखा और कच्चे रास्तों पर पड़े अतिक्रमण को खुद देखा. नालियों में गंदगी की जांच की गई और जहां लकड़ी या उपले दिखे वहां तुरंत फटकार लगाई गई.

अतिक्रमण हटाने का अल्टीमेटम

कलेक्टर ने मौके पर ही पीडब्ल्यूडी और तहसीलदार को आदेश दिया कि पूरे मार्ग से हर तरह का अस्थायी और स्थायी अतिक्रमण हटाया जाए. भरतपुर फीडर कैनाल के सामने पड़ी गिट्टी और रेत को उसी दिन हटाने को कहा गया. उन्होंने साफ कहा कि नंगे पांव चलने वाला श्रद्धालु उनकी जिम्मेदारी है और किसी को परेशानी हुई तो कार्रवाई तय है.

पानी बिजली और छाया की पूरी तैयारी

पीएचईडी को निर्देश दिए गए कि सभी हैंडपंप तुरंत चालू हों. पानी नहीं मिलने पर निलंबन की चेतावनी दी गई. बिजली विभाग को तिरछे पोल सीधा करने और रास्ते से हटाने का आदेश मिला. बीडीओ को नालियों की सफाई झाड़ियों की कटाई और विश्राम स्थलों पर छाया की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए.

दोबारा निरीक्षण की चेतावनी

कलेक्टर मयंक मनीष ने साफ कहा कि कलेक्टर ने साफ कहा, “अधिक मास पूरा एक महीना चलेगा. लाखों लोग आएंगे. मैं 10 दिन बाद फिर इसी रास्ते पर आऊंगा. जो कमांड दी है, उसका एक-एक पॉइंट चेक करूंगा. कमी मिली तो कार्रवाई पक्की है.” कलेक्टर के तेवर देखकर एसडीएम डीग मुकेश चौधरी एसडीएम कामां सुभाष तहसीलदार जुगीता मीना सीओ सीताराम बैरवा सहित पूरा अमला तुरंत हरकत में आ गया और जेसीबी सफाई दल व बिजली टीम मौके पर बुला ली गई.

यह भी पढ़ें- खेती में नेशनल एवरेज से 8% आगे निकला राजस्थान, अब 'GRAM-2026' के जरिए एग्री-इकोनॉमी को पंख लगाएंगे CM भजनलाल

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close