Jaipur News: राजस्थान की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए भजनलाल सरकार ने कमर कस ली है. अगले महीने 23 से 25 मई तक प्रदेश में ग्लोबल राजस्थान एग्रोटेक मीट (GRAM-2026) का भव्य आयोजन होने जा रहा है. इसी सिलसिले में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (Bhajanlal Sharma) ने गुरुवार को दिल्ली में देश के बड़े निवेशकों और उद्यमियों से मुलाकात कर उन्हें राजस्थान आने का न्योता दिया है.
खेती में नवाचार और मार्केट लिंक जरूरी
दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान में खेती केवल पेट पालने का साधन नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति का हिस्सा है. आज के दौर में खेती के सामने नई चुनौतियां हैं, जिनसे निपटने के लिए इनोवेशन और मॉडर्न टेक्नोलॉजी बहुत जरूरी है. ग्राम-2026 एक ऐसा मंच होगा जहां किसान सीधे नई तकनीक, रिसर्च और बड़े एग्री-बिजनेस घरानों से जुड़ सकेंगे.
#Live :- ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (GRAM) 2026 रोड शो , नई दिल्लीhttps://t.co/6t5ZR2DJ0W
— Bhajanlal Sharma (@BhajanlalBjp) April 23, 2026
किरोड़ी लाल मीणा बोले- ग्लोबल हब बनेगा राजस्थान
प्रदेश के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा (Kirodi Lal Meena) ने इस दौरान कहा कि राजस्थान की खेती अब एक नए युग में प्रवेश कर रही है. सरकार का पूरा ध्यान मिलेट्स (बाजरा आदि), बागवानी और जल संरक्षण तकनीक पर है. उन्होंने भरोसा जताया कि यह मंच राजस्थान को ग्लोबल एग्रीकल्चर ट्रेड का केंद्र बनाने में मदद करेगा. इस मौके पर केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी और किसान आयोग के अध्यक्ष सीआर चौधरी भी मौजूद रहे.
GSVA में राष्ट्रीय औसत से आगे है राजस्थान
राजस्थान खेती के मामले में देश के कई राज्यों से काफी आगे है. राजस्थान की ग्रॉस स्टेट वैल्यू एडिशन (GSVA) में खेती का योगदान 26.92% है, जबकि राष्ट्रीय औसत मात्र 18% है. यानी राजस्थान देश से करीब 8% आगे है. इतना ही नहीं, प्रदेश की करीब 27% आबादी सीधे तौर पर किसान या कृषि मजदूर के रूप में काम कर रही है. इन्हीं सबके कारण पिछले 5 सालों में राजस्थान के कृषि क्षेत्र में 2.34 बिलियन डॉलर का भारी-भरकम निवेश आया है.
खेती देगी प्रदेश की GDP को रफ्तार
सरकार की मंशा है कि 'ग्राम-2026' के जरिए ग्रामीण इलाकों में निवेश आए, जिससे गांवों में ही रोजगार के अवसर पैदा हों. इससे न केवल ग्रामीण आबादी आर्थिक रूप से मजबूत होगी, बल्कि प्रदेश की जीडीपी को भी जबरदस्त रफ्तार मिलेगी.
ये भी पढ़ें:- शिक्षा मंत्री ने 7वीं की छात्रा से पूछा 'संविधान' पर सवाल, जवाब सुनकर दी शाबाशी; अफसरों की लगी क्लास