Rajasthan News: आज के दौर में जहां जमीन के एक छोटे से टुकड़े के लिए सगे रिश्तों में दरार आ जाती है, वहीं डीग जिले के कामां क्षेत्र से ईमानदारी की एक ऐसी खबर सामने आई है. जिसने सबका दिल जीत लिया है. डीग जिले के ग्राम राधा नगरी निवासी जमालू मेव ने 12 साल पहले गलती से अपने नाम हुई 5 बीघा जमीन को उसके असली मालिकों को लौटाकर ईमानदारी का परिचय दिया है. बताया जा रहा है कि इस जमीन की कीमत करोड़ों में हैं. जिसे लौटा दिया गया.
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीब 12 साल पहले ग्राम अकाता निवासी ताहिर, अमरेश और रेशम की 5 बीघा जमीन तकनीकी गलती के कारण राधा नगरी निवासी जमालू पुत्र नाजर के नाम दर्ज हो गई थी. जमीन की वर्तमान कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है.
बिना किसी स्वार्थ के कराया बैनामा
जैसे ही जमालू को इस गलती का आभास हुआ, उन्होंने बिना किसी लालच या स्वार्थ के जमीन वापस करने का निर्णय लिया. जमालू खुद कामां तहसील पहुंचे और कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए जमीन को पुनः अकाता निवासी ताहिर और उनके परिजनों के नाम करवा दिया.
ग्रामीणों ने किया स्वागत
जमालू की इस दरियादिली से अभिभूत होकर अकाता गांव के लोगों ने उन्हें फूलों की माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर उनका जोरदार स्वागत किया. इस मौके पर प्रमुख समाजसेवी इदरीश खान लड्डूका भी मौजूद रहे. उन्होंने कहा कि जमालू मेव ने जो मिसाल पेश की है, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी.
इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने जमालू की ईमानदारी की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे ही लोग समाज में आपसी विश्वास और भाईचारे को जिंदा रखते हैं.
यह भी पढ़ेंः अजमेर में मकान मालिक और किराएदार के विवाद में फायरिंग, 16 साल का स्टूडेंट घायल