Rajasthan News: हनुमानगढ़ टाउन के समीप स्थित ऐतिहासिक भद्रकाली मंदिर तक सड़क निर्माण नहीं होने को लेकर विरोध तेज हो गया है. अमरपुरा थेहड़ी के पूर्व सरपंच रोहित स्वामी ने शुक्रवार को अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज कराते हुए प्रशासन को चेताया. पूर्व सरपंच रोहित स्वामी ने मंगलवार सुबह भद्रकाली मंदिर में धोक लगाकर पदयात्रा की शुरुआत की. इसके बाद वे मंदिर से नंगे पैर पैदल यात्रा करते हुए टाउन होते हुए करीब 18 किलोमीटर दूर जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां उन्होंने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर सड़क निर्माण शीघ्र शुरू कराने की मांग की.
दो वर्ष पूर्व स्वीकृत हो चुका है टेंडर
रोहित स्वामी ने बताया कि भद्रकाली मंदिर तक सड़क निर्माण का टेंडर करीब दो वर्ष पूर्व स्वीकृत हो चुका है, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया. उन्होंने कहा कि 19 मार्च से ऐतिहासिक भद्रकाली मेला शुरू होने जा रहा है, जिसमें देशभर से लाखों श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचते हैं. ऐसे में सड़क की जर्जर हालत और सड़क पर हुए अतिक्रमण के कारण श्रद्धालुओं सहित आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
सड़क दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दो वर्षों से सड़क निर्माण कार्य लगातार अटका हुआ है. विरोध के चलते दो बार काम शुरू तो किया गया, लेकिन महज औपचारिकता निभाकर कुछ ही दिनों में कार्य बंद कर दिया गया. सड़क की बदहाल स्थिति के चलते कई सड़क दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं. यह मार्ग मुख्य सड़क होने के कारण श्रद्धालुओं के साथ-साथ आम नागरिकों को भी रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है. ठेकेदार और विभाग के बीच चल रही आपसी खींचतान का खामियाजा आम लोग भुगत रहे हैं.
पूर्व सरपंच ने बताया कि जिला कलेक्टर से मुलाकात के दौरान उन्हें आश्वासन दिया गया है कि मार्च से पहले सड़क निर्माण का कार्य पूरा कर लिया जाएगा. वहीं रोहित स्वामी ने जिला प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो वे 9 फरवरी को हनुमानगढ़–रावतसर मार्ग पर चक्का जाम करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी.
यह भी पढ़ेंः आंखों के सामने 5 मिनट में बना दूध, हैरान रह गई DST टीम; रोजाना हो रहा 80 हजार लीटर सप्लाई