विज्ञापन

धौलपुर: सोशल मीडिया पर दोस्ती कर लिए अश्लील फोटो, ब्लैकमेलिंग से तंग आकर 14 वर्षीय किशोरी ने की आत्महत्या

राजस्थान के धौलपुर में सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती एक किशोरी के लिए काल बन गई. दो युवकों द्वारा अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी और ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर 14 वर्षीय छात्रा ने सुसाइड कर लिया. 

धौलपुर: सोशल मीडिया पर दोस्ती कर लिए अश्लील फोटो, ब्लैकमेलिंग से तंग आकर 14 वर्षीय किशोरी ने की आत्महत्या
धौलपुर में 14 साल की लड़की ने आत्महत्या कर ली.

Rajasthan News: राजस्थान के धौलपुर जिले में सोशल मीडिया के जाल और ब्लैकमेलिंग के काले साये ने एक और मासूम जिंदगी को छीन लिया है. जिले में कंचनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में 14 वर्षीय किशोरी ने फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली. आरोप है कि दो युवक उसे अश्लील फोटो के जरिए डरा रहे थे और शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाल रहे थे.

सोशल मीडिया पर दोस्ती और फिर ब्लैकमेलिंग का खेल

जानकारी के अनुसार नगला दरवेशा गांव के दो युवकों ने सोशल मीडिया के माध्यम से किशोरी से संपर्क साधा था. बातों-बातों में आरोपियों ने किशोरी का मोबाइल नंबर हासिल कर लिया और उसे अपने विश्वास में ले लिया. इसी दौरान आरोपियों ने किशोरी के कुछ अश्लील फोटो अपने पास मंगा लिए. जैसे ही फोटो उनके हाथ लगे, उनका असली चेहरा सामने आ गया. वे किशोरी को फोटो वायरल करने की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे.

घर तक पहुंच गए आरोपी, सहम गई मासूम

परिजनों ने बताया कि आरोपी केवल फोन तक ही सीमित नहीं रहे, बल्कि उनके हौसले इतने बुलंद थे कि 5 मई को वे किशोरी के घर तक पहुंच गए. उस समय किशोरी की मां खेत पर काम करने गई थी और पिता दिल्ली में मजदूरी करते हैं. आरोपियों ने उस पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया. समाज में बदनामी होने के डर और आरोपियों के खौफ से घबराकर किशोरी ने घर के अंदर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली.

पुलिस की कार्रवाई और जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही कंचनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. एएसआई रघुवीर मीणा ने बताया कि किशोरी का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है. पिता की तहरीर पर दोनों नामजद युवकों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने किशोरी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और साइबर एक्सपर्ट्स की मदद से सबूत जुटाए जा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

यह भी पढ़ें- राजस्थान में गर्मी की फिर चेतावनी, 45 डिग्री पहुंचेगा पारा... सभी शहरों में बढ़ा 2-3 डिग्री सेल्सियस तापमान

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close